चलती कार में लगी आग, चालक ने शीशा तोड़कर बचाई जान, बड़ा हादसा टला

ब्यूरो रिपोर्ट  उमेश द्विवेदी

थाना आसीवन (उन्नाव), गंगा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक चलती कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना थाना आसीवन क्षेत्र में खरगौरा गांव के पास सुबह करीब 5 बजे हुई। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद जा रहे सरवन पुत्र बनवारी लाल, निवासी सिंधुपुर, थाना दही (जनपद हरदोई), अपनी कार से लगभग 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गंगा एक्सप्रेसवे पर सफर कर रहे थे। इसी दौरान वाहन में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख चालक ने तत्काल कार का शीशा तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर पूरी तरह राख हो गया। चालक ने बताया कि कार में रखा ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन संबंधी महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा अन्य कीमती सामान भी आग में जलकर नष्ट हो गया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ।चालक का आरोप है कि घटना के समय उसने कई बार फायर ब्रिगेड को फोन किया, लेकिन समय पर कॉल रिसीव नहीं हुई। उसने यह भी आरोप लगाया कि फोन उठाने पर सहयोग के बजाय उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार धू-धू कर जलती हुई दिखाई दे रही है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *