लालगंज, प्रतापगढ़। सांगीपुर थाना क्षेत्र की एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने छह आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता की मां द्वारा न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, लगभग आठ माह पूर्व उनकी 20 वर्षीय पुत्री जिला अस्पताल से दवा लेकर घर लौट रही थी। आरोप है कि मोहनगंज के पास कार सवार छह युवकों ने उसे घर छोड़ने का झांसा देकर वाहन में बैठा लिया। इसके बाद उसे जेठवारा थाना क्षेत्र के नौबस्ता स्थित एक कमरे में ले जाकर उसके साथ जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता की मां का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने सांगीपुर थाने में शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार को पुलिस ने अंशू वर्मा, संदीप वर्मा, राहुल वर्मा समेत तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
सांगीपुर थाना प्रभारी गौरव त्रिवेदी ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष एवं विधिसम्मत तरीके से आगे बढ़ाई जाएगी।
