सरकार के खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए तमाम दावे खोखले

सरकार के खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए तमाम दावे खोखल

– मैदानी स्तर पर बिचैलिए और दबंग दुकानदार शासन के मंसूबों पर फेर रहे पानी

सेउता (सीतापुर)। एक तरफ देश और प्रदेश की सरकार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी रोकने के लिए तमाम दावे कर रही है। वहीं मैदानी स्तर पर बिचैलिए और दबंग दुकानदार शासन के मंसूबों पर पानी फेर रहे हैं। ताजा मामला रेउसा विकास क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कस्बा सेवता का है। जहां एक उर्वरक विक्रेता की मनमानी और दबंगई से परेशान होकर किसान दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। सिस्टम की सुस्ती और प्रशासनिक लापरवाही के चलते अन्नदाता का दर्द सुनने वाला कोई नहीं है। सेवता निवासी किसान सहजराम पुत्र भूलन के पास सेवता क्षेत्र में कृषि योग्य भूमि है। जिस पर इस समय धान की फसल खड़ी है। फसल में पहली यूरिया और डीएपी खाद डालने की आवश्यकता थी। नियमानुसार खाद प्राप्त करने के लिए किसान ने सेवता स्थित इफको किसान सेवा केंद्र की संचालिका श्रेया गुप्ता के पास पहुंचकर अपने आवश्यक दस्तावेज, मोबाइल नंबर व अन्य विवरण जमा किए।

पीड़ित किसान के अनुसार, केंद्र संचालिका श्रेया गुप्ता ने बताया कि उनकी जमीन के हिसाब से उनके कोटे में 5 बोरी यूरिया और 3 बोरी डीएपी खाद उपलब्ध है। किसान सहजराम ने फिलहाल अपनी आवश्यकतानुसार मात्र 1 बोरी डीएपी और 1 बोरी यूरिया (कुल 2 बोरी) की मांग की। इसके एवज में संचालिका द्वारा कुल 1700 रुपये ले लिए गए और यह कहकर टरका दिया गया कि शेष खाद 20 दिन बाद पुन: बुकिंग करवाकर प्राप्त कर सकते हैं। जब किसान सहजराम 1 अगस्त 2026 को खाद लेने के लिए दूसरी दुकान पर गया, तो वहां के संचालक ने बताया कि उसकी आईडी पर 5 बोरी यूरिया और 3 बोरी डीएपी यानी कुल 8 बोरी खाद पहले ही निकाली जा चुकी है। यह सुनते ही किसान के पैरों तले जमीन खिसक गई। वह तुरंत इफको किसान सेवा केंद्र पहुंचा और संचालिका से आपत्ति जताई कि उसने केवल 2 बोरी खाद ली थी। जबकि उसके नाम पर पूरी खाद का कोटा काटकर गायब कर दिया गया है। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपनी बची हुई खाद की मांग की, तो संचालिका श्रेया गुप्ता भड़क उठीं और झल्लाते हुए बोलीं मैं आपको अब खाद नहीं दूंगी, आपको जो करना हो कर लो। हद तो तब हो गई जब प्रार्थी की आंखों के सामने ही आॅटो ई-रिक्शा में बोरे लादकर खुलेआम ब्लैक में खाद भेजी जा रही थी। किसान का कहना है कि संचालिका का यह भी रसूख है कि वह कहती हैं। हमारी पहुंच बहुत ऊपर तक है, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। स्थानीय किसानों का आरोप है कि इफको किसान सेवा केंद्र की संचालिका श्रेया गुप्ता किसानों की आईडी खुद ही आॅपरेट करती हैं। वे किसानों से वन-टाइम पासवर्ड पूछकर उनकी जानकारी के बिना उनके हिस्से का पूरा कोटा काट लेती हैं। जब किसानों को इस फजीर्वाड़े की भनक लगती है और वे विरोध करते हैं, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। आरोप यह भी है कि संचालिका अपनी महिला होने का गलत लाभ उठाकर प्रशासनिक कार्रवाई से बेखौफ होकर कालाबाजारी को अंजाम दे रही हैं। समय पर खाद न मिलने के कारण किसान सहजराम की धान की फसल सूखने और नष्ट होने की कगार पर पहुंच गई है। जिससे उसके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। फसल उत्पादन पर इसका सीधा असर पड़ना तय है। थक-हारकर और न्याय की उम्मीद में पीड़ित किसान ने गत 3 जुलाई को मुख्यमंत्री के पोर्टल पर जनसुनवाई के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई (शिकायत संख्या 40015426968615)। लेकिन विडंबना देखिए कि लंबा समय बीत जाने के बावजूद प्रशासनिक अमले की सुस्ती के चलते आज तक इस गंभीर मामले की कोई जांच नहीं हो पाई है। एक तरफ सरकार किसानों को अन्नदाता कहकर उनका सम्मान बढ़ाने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ सेवता का यह किसान खाद के एक-एक बोरे के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस दबंग खाद विक्रेता पर कब शिकंजा कसता है या फिर किसान यूं ही सिस्टम की लापरवाही की भेंट चढ़ता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *