अयोध्या में नेत्र चिकित्सा को मिली नई ताकत, अत्याधुनिक उपकरणों का लोकार्पण

इंडियन ऑयल के सीएसआर सहयोग से श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय को मिली आधुनिक सुविधाएं, हजारों गरीब मरीजों को मिलेगा लाभ

अयोध्या। अंधता निवारण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल करते हुए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सीएसआर सहयोग से श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय में अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पण किया गया। भव्य समारोह में इंडियन ऑयल के महाप्रबंधक (सीएसआर), प्रधान कार्यालय मुंबई, लक्ष्मीपति बोज्जा ने उपकरणों का लोकार्पण किया।समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इंडियन ऑयल समाज के वंचित एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में किया गया यह सहयोग इसी सामाजिक दायित्व की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

विशिष्ट अतिथि इंडियन ऑयल लखनऊ के मुख्य प्रबंधक (एचआर-सीएसआर) बीएल पाल, प्रधान कार्यालय मुंबई के मुख्य प्रबंधक (सीएसआर) राकेश रौशन तथा संजीव राय मौजूद रहे। संस्था के महामंत्री राष्ट्रगौरव शर्मा ने इंडियन ऑयल के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आधुनिक उपकरणों के उपलब्ध होने से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के हजारों नेत्र रोगियों को बेहतर जांच एवं उपचार की सुविधा मिल सकेगी।चिकित्सालय के महाप्रबंधक डीएन मिश्रा ने कहा कि संस्थान लंबे समय से अंधता निवारण के लिए समर्पित होकर कार्य कर रहा है। इंडियन ऑयल के सहयोग से मिली अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं अयोध्या के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होंगी।

उल्लेखनीय है कि कल्याणम करोति द्वारा संचालित दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय लंबे समय से निःस्वार्थ भाव से नेत्र रोगियों की सेवा कर रहा है। चिकित्सालय से अब तक लाखों मरीज लाभान्वित हो चुके हैं। अत्याधुनिक उपकरणों के जुड़ने से जांच और उपचार की गुणवत्ता के साथ-साथ त्वरित चिकित्सा सुविधा भी बेहतर होगी।

कार्यक्रम में उमा दत्त मिश्र, उदयभान पाठक, हनुमान मिश्र, वीरेंद्र यादव, डॉ. डीपी तिवारी, डॉ. पारिजात शुक्ला, डॉ. श्वेता वर्मा, डॉ. आकांक्षा अग्रवाल, लक्ष्मण तिवारी, शिवम श्रीवास्तव, शिवम कुमार, सुशील साहू, रामकृपाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन और नेत्र रोगी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *