आशुतोष हत्याकांड: जांच में पहुंचे प्रेस परिषद सदस्य अरुण त्रिपाठी

शाहगंज जौनपुर। जनपद जौनपुर के पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव हत्याकांड की जांच के सिलसिले में भारतीय प्रेस परिषद के सदस्य अरुण कुमार त्रिपाठी ने बुधवार को सबरहद गांव और इमरानगंज बाजार पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मृतक पत्रकार के परिजनों से मुलाकात कर घटना से जुड़ी जानकारी ली और विभिन्न पक्षों से बातचीत की। सबसे पहले श्री त्रिपाठी पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान मृतक के बड़े भाई संतोष श्रीवास्तव का बयान दर्ज किया। इसके बाद वह परिजनों की ओर से मुख्य आरोपी बनाए गए नासिर जमाल के आवास के बाहर पहुंचे। वहां उन्होंने कथित रुप से कब्जे में लिए गए तालाब और नाले का निरीक्षण किया तथा मौके से संबंधित साक्ष्यों की जानकारी ली। इसके बाद अरुण मिश्रा इमरानगंज बाजार स्थित घटनास्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने मौजूद चश्मदीदों से घटना के संबंध में जानकारी हासिल की। निरीक्षण के बाद वह डाक बंगला पहुंचे, जहां सीओ गिरेंद्र सिंह, न्यायिक तहसीलदार राहुल सिंह, प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह, इमरानगंज चौकी प्रभारी विनोद राय और राजस्व निरीक्षक समेत अधिकारियों की टीम के साथ करीब सवा घंटे तक हत्याकांड और उससे जुड़े विभिन्न मामलों पर चर्चा की।

इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों की ओर से अरुण कुमार त्रिपाठी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। मौके पर पीएसपीएसए के मांगलिक मंत्री पंकज सिंह, जौनपुर पत्रकार संघ, शाहगंज इकाई के अध्यक्ष अखलाक खान, कोषाध्यक्ष इकरार खान, पशु चिकित्सक डॉ. आलोक सिंह पालीवाल, जन एक्सप्रेस के राज्य ब्यूरो संतोष दीक्षित, हेमनारायण द्विवेदी, वरिष्ठ पत्रकार राजेश चौबे, औरंगजेब खान, इम्तियाज नदवी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *