दीपक विमल की रिपोर्ट
लखनऊ – राजधानी लखनऊ के पीजीआई वृंदावन स्थित कार्यालय 6सी/126 में शनिवार को राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं सम्मानित पत्रकारों की उपस्थिति में लखनऊ जिला अध्यक्ष पद के लिए दिलीप मिश्रा के नाम पर सर्वसम्मति से सहमति जताई गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने उन्हें दोबारा लखनऊ जिला अध्यक्ष मनोनीत किया।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, पत्रकारों के हितों एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि दिलीप मिश्रा अपने अनुभव और सक्रियता के माध्यम से संगठन को लखनऊ जिले में और मजबूती प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा, प्रदेश टीम से दिलीप श्रीवास्तव, सचिन दीक्षित एवं राकेश मिश्रा मौजूद रहे। जिला टीम से विनीत कुमार मिश्रा, भारत भूषण और गौरव शुक्ला सहित राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ‘दीपू’ ने भी बैठक में सहभागिता की।
पुनः जिला अध्यक्ष मनोनीत किए जाने के बाद दिलीप मिश्रा ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी दोबारा सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाए तथा पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाए।
उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज को शासन-प्रशासन और आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में पत्रकारों के सम्मान, अधिकार और सुरक्षा के लिए संगठन निरंतर सक्रिय रहेगा।
