पुरवा। चमियानी सरसों निवासी राम प्रताप पासी पुत्र स्वर्गीय ननकऊ पासी की दो भैंसें 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर करंट लगने से मौत का शिकार हो गईं। हादसा तेली का तालाब एवं भागीरथ स्कूल के सामने हुआ। दोनों भैंसों की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है।पीड़ित राम प्रताप पासी का आरोप है कि जिस स्थान पर 11 हजार वोल्ट की लाइन गुजर रही है, वहां बिजली के तार जमीन से महज करीब तीन फीट की ऊंचाई पर झूल रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन तारों को दुरुस्त कराने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।हादसे के बाद पीड़ित परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने भी बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए झूलते हाईटेंशन तारों को तत्काल ऊंचा कराने और पीड़ित को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली विभाग ने समस्या का समाधान नहीं किया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
11 हजार वोल्ट की झूलती लाइन बनी काल, करंट लगने से दो भैंसों की मौत
