उन्नाव। रक्षाबंधन पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बुधवार को विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की जांच की। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय प्रियंका सिंह के नेतृत्व में टीम ने ग्राम पमेधिया स्थित एक प्रतिष्ठान से पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।विभागीय अधिकारियों के अनुसार, खाद्य कारोबारी सुरेंद्र कुमार पुत्र रामप्रकाश के प्रतिष्ठान से मिल्क मिक्स पाउडर (छेना पाउडर), सफेद पाउडर (अपमिश्रक), पनीर और गाय के दूध के दो नमूने लिए गए। करीब 69 किलोग्राम सामग्री की कीमत 27,600 रुपये बताई गई।जांच के दौरान 35 किलोग्राम पनीर, 120 लीटर अर्धनिर्मित पनीर और 50 लीटर दूध नष्ट कराया गया। नष्ट कराई गई सामग्री की कुल कीमत 21,750 रुपये बताई गई है। विभाग के मुताबिक प्रतिष्ठान में बिना लाइसेंस और निर्धारित मानकों के विपरीत निर्माण कार्य किया जा रहा था। पाउडर का प्रयोग कर पनीर बनाए जाने के मामले में नोटिस जारी कर निर्माण कार्य बंद कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।कार्रवाई में आशीष वर्मा, महेश कुमार, पंकज यादव, वीरन सिंह, राजेंद्र प्रसाद, पल्लवी शर्मा और आकांक्षा जायसवाल शामिल रहे।
