रक्षाबंधन पर जवानों ने निभाया भाई का फर्ज, महिलाओं से बंधवाई राखी

 

 

लखनऊ। रक्षाबंधन पर्व पर प्रथम वाहिनी विशेष सुरक्षा बल के जवानों ने सुरक्षा ड्यूटी के साथ सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की। शुक्रवार को वाहिनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहर के विभिन्न मेट्रो स्टेशनों, लोकभवन और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनाती के दौरान आमजन से जनसंवाद किया।

पुलिस उपमहानिरीक्षक हेमंत कुटियाल के आदेश और प्रभारी सेनानायक प्रथम वाहिनी विशेष सुरक्षा बल वीरेंद्र कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में पुरुष सुरक्षा कर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं से राखी बंधवाई और उन्हें मिठाई खिलाई। वहीं महिला सुरक्षा कर्मियों ने पुरुषों को राखी बांधकर भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

सुरक्षा कर्मियों ने लोगों को महिला सुरक्षा, सम्मान और सहयोग के प्रति जागरूक किया। साथ ही पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं बेहतर समन्वय स्थापित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में लोगों ने विशेष सुरक्षा बल की इस पहल की सराहना की।

इस मौके पर सहायक सेनानायक राकेश नायक, मेट्रो सुरक्षा प्रभारी सौरभ सचान समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *