घर का आंगन 25 फीट धंसा, गिरकर लड़की की मौत:7 घंटे फंसी रही, 60 जवानों ने गड्ढा खोदकर निकाला, बोरवेल के ऊपर फर्श बना दी थी

कानपुर में घर का आंगन अचानक धंसने से 25 फीट गहरे गड्‌ढे में गिरी लड़की को 7 घंटे के ऑपरेशन के बाद बाहर निकाल लिया गया। लेकिन अस्पताल में उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसा शुक्रवार सुबह 6:40 बजे का है। रक्षाबंधन पर 18 साल की यशी सविता नहाकर बाथरूम से बाहर निकली। उसने जैसे ही एक कदम आंगन की तरफ बढ़ाया, नीचे की जमीन धंस गई। यशी नीचे मौजूद बोरिंग में समा गई। घटना अचानक हुई और यशी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बड़ी बहन ने देखा तो उसने मां-बाप को बुलाया। रस्सी डालकर निकालने की कोशिश भी की। लेकिन, इतनी देर में मिट्‌टी और धंस गई और लड़की नीचे अंदर चली गई। घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस, फायर बिग्रेड, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने देखा कि गड्ढे के अंदर उतरना मुमकिन नहीं था, जमीन और धंस सकती थी। इसलिए 60 जवानों ने मिलकर बगल में एक और गड्ढे की खुदाई की। पहले जेसीबी से खुदाई की गई, लेकिन बाद में पोकलैंड मशीन मंगवाई गई। दोपहर 2.50 बजे 24 फीट की खुदाई के बाद रेस्क्यू टीम लड़की तक पहुंच पाई। उसे जब बाहर निकाला गया, वह अचेत थी। घरवालों ने बताया, करीब तीन साल पहले घर के अंदर बोरिंग कराई गई थी, लेकिन पानी नहीं निकलने के कारण उसे छोड़ दिया गया और दूसरी जगह नई बोरिंग कराई गई। उसी पुरानी बोरिंग के ऊपर फर्श बना दी गई थी। आशंका है कि लगातार बारिश के कारण जमीन कमजोर होने के कारण यह हादसा हुआ। मामला जिला मुख्यालय से करीब 35 किमी दूर महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव का है। यशी, पिता विनोद, मां रेखा, 3 बहनों- रुचि, रूपा, अनुपमा और भाई भास्कर उर्फ अमित के साथ रहती है। घटना से जुड़ीं तस्वीरें देखिए… नीचे 2 स्लाइड से समझिए कैसे और कहां हुआ हादसा? रेस्क्यू ऑपरेशन से जुड़ी अपडेट जानने के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए….

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *