बीकापुर -अयोध्या। जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर नित नये कीर्तिमान रच रहा है। पूर्व वर्ष की अपेक्षा वर्ष 2025-26 में न सिर्फ सिजेरियन प्रसव में वृद्धि हुई है बल्कि नार्मल प्रसव में भी इजाफा हुआ है। सीएचसी बीकापुर के अधीक्षक डॉ0 अंशुमान यादव ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध कराये जा रहे बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का ही परिणाम है कि अब यहां रोजाना सिजेरियन प्रसव व नार्मल प्रसव कराने के लिए महिलाएं पहुंच रही हैं। इस कार्य में मुख्य चिकित्सा अधिकारी अयोध्या देवेंद्र सिंह भिटौंरिया सहित अन्य उच्च अधिकारी भी पूरा सहयोग कर रहे हैं। सीएचसी अधीक्षक के अनुसार पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर सहित जनपद के अन्य ब्लॉक की महिलाएं भी यहां प्रसव के लिए पहुंच रही हैं। आशा व आशा संगिनी का भी इस कार्य में अहम योगदान है।
डॉ0 अंशुमान यादव के अनुसार गर्भधारण के बाद सीएचसी पर पहुँचने वाली प्रसूताओं की सबसे पहले महिला रोग विशेषज्ञ डॉ0 स्नेहा चौधरी व डॉ0 स्नेहा कुमारी द्वारा जरुरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। आमतौर पर गर्भवती महिलाओं में खून की कमी पाई जाती है। यदि खून की कमी अत्यधिक होती है तो आयरन सुकरोज अथवा खून चढ़ाने की सुविधा भी यहीं प्रदान की जाती है।
*हाई रिस्क श्रेणी की महिलाओं पर विशेष नजर*
हाई रिस्क श्रेणी में पाई जाने वाली गर्भवती महिलाओं की विशेष देखभाल व उचित चिकित्सकीय सहायता के प्रबंध किए जाते हैं। डॉ0 अंशुमान यादव के अनुसार उनका प्रयास है कि गर्भ धारण करने के शुरूआती दिनों से ही महिला को उचित सलाह व इलाज मिले, इसके लिए वे आशा व आशा संगिनी के साथ बैठक कर उन्हें जरुरी दिशा-निर्देश देते रहते हैं।
अगस्त माह में सभी सीएचसी पर हुए सिजेरियन प्रसव के आंकड़े
1. बीकापुर 27
2. रुदौली 16
3. सोहावल 11
4. मिल्कीपुर 06
5. पूरा बाजार 07
