योगी ने चित्रकूट में बाढ़ का हवाई सर्वे किया:800 परिवारों को राहत किट बांटी; 15 शहरों में बारिश, अस्पताल में घुसा पानी

सीएम योगी ने रविवार को चित्रकूट के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। मंदाकिनी नदी के बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रैन बसेरों में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। करीब 800 प्रभावित परिवारों को 50-50 किलो की राहत किट बांटीं। इससे पहले, शनिवार को योगी ने वाराणसी में बाढ़ की स्थिति का हवाई सर्वे किया था। उधर, प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर लगातार जारी है। रविवार सुबह से गाजियाबाद, मेरठ, आगरा और संभल समेत 15 जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। श्रावस्ती में भारी बारिश के कारण बाइपास का करीब 400 मीटर हिस्सा जलमग्न हो गया। बिजनौर में सड़कें और गलियां तालाब बन गईं। सरकारी अस्पताल में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया। वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर और अयोध्या समेत प्रदेश के 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। प्रयागराज के दारागंज घाट पर शवदाह गृह में पानी भर जाने से लोगों को अंतिम संस्कार के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। वाराणसी और कानपुर में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी रिहाइशी इलाकों और घरों में घुस चुका है। लोग छतों पर जिंदगी काटने को मजबूर हैं। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी में बना बारिश का सिस्टम मध्य प्रदेश की तरफ बढ़ रहा है। इसके असर से पश्चिमी यूपी में तेज बारिश जारी रहेगी। अगले 48 घंटे में मौसम का रुख बदलेगा और पूर्वी यूपी में फिर से भारी बारिश होगी। 8 सितंबर के बाद यह सिस्टम कमजोर पड़ जाएगा। पूरे प्रदेश में बारिश लगभग थम जाएगी। यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *