लखनऊ के शहीद पथ पर चलती डबल डेकर AC बस में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को चपेट में ले लिया। यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सभी आनन-फानन में बस से उतरकर भागे। बस 30 यात्रियों को लेकर गोरखपुर से सूरत जा रही थी। हादसा रात करीब साढ़े 12 बजे मेदांता अस्पताल के सामने हुआ। पुलिस की जांच में पता चला है कि बस का पिछला टायर फट गया था। इसके बाद चिंगारी निकली और आग भड़क गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। उस वक्त पूरी बस धू-धू कर जल रही थी। करीब 20 फीट ऊंची लपटें उठ रही थीं। दमकल ने 30 मिनट में आग पर काबू पाया। आग की तस्वीरें देखिए- ड्राइवर बोला- बस के पीछे टूटने की आवाज आई, आग लग गई उरई निवासी ड्राइवर राहुल पटेल ने बताया- शनिवार शाम 5 बजे बस लेकर गोरखपुर से निकला था। मेदांता अस्पताल के सामने पहुंचते ही बस के पिछले हिस्से से कुछ टूटने की आवाज आई। इसके तुरंत बाद आग लग गई। मैंने बस रोककर सभी यात्रियों को बाहर उतरने के लिए कहा। सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर ADCP रल्लापल्ली वसंथ कुमार फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने दोनों तरफ का ट्रैफिक रोक दिया। दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। SFO मबड़ चंद गूजर ने बताया कि समय रहते आग बुझा दी गई। हादसे में कोई यात्री घायल नहीं हुआ। ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लगा हादसे के चलते हाईवे पर जाम लग गया था। ट्रैफिक पुलिस ने यातायात डायवर्ट कर वाहनों को दूसरे रास्ते से भेजा। आग बुझने के बाद पुलिस ने क्रेन मंगवाई और बस को शहीद पथ से हटवाया। इसके बाद जाम खुल गया। बस में सवार एक यात्री ने कहा- हम लोग सो रहे थे, तभी आग लग गई। ड्राइवर चिल्लाया, तब जाकर हमारी आंख खुली। इसके बाद हम लोग बस से उतर गए। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
—————————- ये खबर भी पढ़ें… लखनऊ में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म:पड़ोसी पर गंदा काम करने का आरोप, लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा लखनऊ के गाजीपुर में 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाले 50 साल के अधेड़ है। उसके साथ गंदी हरकत की घटना की जानकारी होने पर बच्ची के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मनगांव सीतापुर की रहने वाली पीड़िता ने बताया वह अपने पति व 6 साल की बेटी के साथ लखनऊ के बसतौली में किराए पर रहती हैं।पढ़िए पूरी खबर…
