योगी बोले-हामिद अंसारी ने हिंदू परंपरा को आतंकवाद से जोड़ा:उनका बयान सचमुच डरावना है; राहुल की ‘झूठ की गूंज’ अराजकता फैला रही

नोएडा में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में प्रेरणा विमर्श कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- भारत के उपराष्ट्रपति रहे हामिद अंसारी ने कल एक दुर्भाग्यपूर्ण वक्तव्य दिया था। हम लोगों को शोभा नहीं देता कि उसका खंडन करें। लेकिन, उनके वक्तव्य भारत की परंपरा, संस्कृति के लिए सचमुच डरावने थे। भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया। उन्होंने भारत की सनातन परंपरा को कोसने, भारत की हिंदू परंपरा को अपमानित करने का वक्तव्य दिया। आतंकवाद से जोड़ने के कुत्सित प्रयास किए। कांग्रेस पर तंज कसते हुए सीएम योगी ने कहा- कांग्रेस के युवराज (राहुल) ने भी कल अपने ‘झूठ की गूंज’ में जिस तरह का आचरण किया वो नारी का अपमान है। कोई भी सज्जन व्यक्ति अगर किसी रास्ते पर जा रहा, रास्ता संकरा है तो वो किसी बुजुर्ग या महिला को पहले रास्ता देता है। यही हमारा संस्कार है। ये मार्ग से भटके हुए लोग हैं। समाज में भ्रम की स्थिति पैदा करके अराजकता करना इनका एक मात्र लक्ष्य हो गया है। दरअसल पूर्व उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी ने यह बात तीसरे एजी नूरानी मेमोरियल लेक्चर में कही थीं। यह कार्यक्रम अब्दुल गफूर नूरानी के जीवन और काम पर आयोजित किया गया था। उन्होंने पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू का एक पुराना बयान दोहराते हुए कहा कि भारत को असली खतरा कम्युनिज्म से नहीं, हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता से था। सीएम योगी रविवार को दोपहर साढ़े तीन बजे को गौतमबुद्धनगर पहुंचे। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में प्रेरणा विमर्श कार्यक्रम में शामिल हुए। देखें कार्यक्रम की तीन तस्वीरें… कलराज मिश्रा के घर जाएंगे सीएम इसके बाद मुख्यमंत्री नोएडा में कलराज मिश्रा के घर जाएंगे। वहां दिवंगत सत्यवती मिश्रा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वे शोकाकुल परिवार से मुलाकात भी करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री एक्सपो सेंटर एंड मार्ट पहुंच सकते हैं। यहां वे 25 से 29 सितंबर तक होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इस दौरान अधिकारियों के साथ आयोजन की व्यवस्थाओं, सुरक्षा और अन्य तैयारियों को लेकर चर्चा हो सकती है। प्रेरणा विमर्श कार्यक्रम का पल-पल का अपडेट जानने के लिए नीचे लगे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *