यूपी के 32 जिलों में अचानक बाढ़ की चेतावनी:आपदा विभाग बोला- बेवजह बाहर न निकलें; 24 घंटे से 50 शहरों में बारिश

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्नब’ से यूपी में मौसम बिगड़ गया है। लखनऊ, गोरखपुर समेत 32 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। राहत आयुक्त ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि लोग सतर्क रहें। नदी के किनारों से दूर रहें। बारिश के बीच जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। इधर, 50 शहरों में 24 घंटे से रुक-रुक कर जोरदार बारिश हो रही है। अमेठी में पुलिस जगह-जगह अनाउंस कर रही है कि जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें। लखनऊ में सुबह से अंधेरा छाया है। ग्रामीण इलाकों में तेज हवाओं से फसलें गिर गई हैं। खेतों में पानी भर गया है। योगी ने अफसरों को फील्ड में उतरने का निर्देश दिया है। इधर, ललितपुर में लगातार हो रही बारिश से जामनी नदी उफान पर है। कुझान घाट के पास पुल डूब जाने से पानी के तेज बहाव में एक पेट्रोल टैंकर फंस गया। बहकर नदी के किनारे लटक गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से टैंकर को सुरक्षित बाहर निकाला। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से उठे इस चक्रवाती तूफान की वजह से यूपी, बिहार, एमपी और आसपास के राज्यों में मौसमी गतिविधियां तेज हुई हैं। इसका असर 27 सितंबर तक रहेगा। आज प्रदेश के 65 जिलों में बारिश का अलर्ट है। कुछ जगह 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। बारिश की तस्वीरें देखिए… वाराणसी के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया- मानसून अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। राजस्थान और पश्चिमी हिस्सों से मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन बाकी जगहों पर यह अभी भी सक्रिय है। अगले 4 दिनों में दिन का तापमान 5 से 8 डिग्री तक गिर सकता है। मौसम में ठंडक बढ़ जाएगी। आज कहां-कहां बारिश का अलर्ट, देखिए इन 32 जिलों में अचानक बाढ़ की चेतावनी आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, सिद्धार्थ नगर, बस्ती, बलरामपुर, अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती, सीतापुर, खीरी, बहराइच, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, फतेहपुर, कानपुर नगर, बांदा, कौशांबी और चित्रकूट। आपके शहर में मौसम कैसा है, कब तक बारिश का अलर्ट है और बाढ़ के हालात कैसे हैं? जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *