संचारी रोग नियंत्रण अभियान 15 दिन बढ़ा, घर-घर पहुंचेंगी आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता

लखीमपुर खीरी। जिले में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप और संचारी रोगों के खतरे को देखते हुए शासन ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की अवधि 15 दिन बढ़ा दी है। पहले यह अभियान 31 अक्टूबर तक प्रस्तावित था। अब अभियान के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार समेत संचारी रोगों के लक्षण वाले मरीजों की पहचान करेंगी।

शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। डीएम ने जलभराव वाले स्थानों की सफाई, नालियों की नियमित सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग अभियान प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि नगर निकाय, पंचायती राज, ग्राम विकास और बाल विकास समेत सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा। अभियान के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर मरीजों को चिह्नित करेंगी और उन्हें उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजने में मदद करेंगी।

सीडीओ योगानंद पांडेय ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से अभियान चलाने के निर्देश दिए। वहीं सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने लोगों से बुखार या अन्य लक्षण होने पर लापरवाही न बरतने और तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।

टीकाकरण में प्रदेश में 12वें स्थान पर खीरी

लखीमपुर खीरी। टीकाकरण की समीक्षा में जिला प्रदेश में 12वें और मंडल में दूसरे स्थान पर रहा। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने के लिए छूटे हुए बच्चों और गर्भवती महिलाओं को चिह्नित कर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कम प्रगति वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने और नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।

पोषण ट्रैकर के सभी इंडिकेटर में टॉप-10 में खीरी

लखीमपुर खीरी। पोषण संबंधी योजनाओं की समीक्षा में जिले ने पोषण ट्रैकर एप के सभी इंडिकेटर में प्रदेश के टॉप-10 जिलों में स्थान हासिल किया है। डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई जिला पोषण समिति की बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों और बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं को मिलने वाली पोषण सेवाओं की समीक्षा की गई। डीएम ने योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *