यूपी में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को घर और पार्टी दोनों पर ध्यान देने की सलाह दी है। उन्होंने शिवपाल यादव और आजम खान की गाजियाबाद जेल में मुलाकात पर तंज कसा। सपा मुखिया से पूछा कि क्या चाचा उन्हें बताकर रामपुर वाले चचाजान से मिलने गए थे। राजभर ने कहा- अखिलेश को सोने से फुरसत नहीं है, जबकि चच्चा बुढ़ापे में भी सुबह-सुबह उठकर जेल में लंबी डीलिंग करके उनके जागने से पहले लौट आए। चच्चा समझ गए हैं कि बच्चा किसी लायक नहीं है। राजनीति बचाने के लिए उन्हें ही कड़े फैसले लेने होंगे। दरअसल, शिवपाल ने गुरुवार को आजम खान से मुलाकात की थी। दोनों के बीच जेल की जाली के जरिए 2 घंटे बातचीत हुई थी। बाहर आकर शिवपाल ने कहा था कि आजम को कई बार मारने की कोशिश की गई, लेकिन वे मजबूती से खड़े हैं।
राजभर बोले- अखिलेश घर-पार्टी दोनों पर ध्यान दें:शिवपाल चाचा ने डीलिंग शुरू कर दी, समझ चुके हैं बच्चा राजनीति के लायक नहीं
