धीरेंद्र शास्त्री बोले- प्रेत रोगी आगे आएं, लोटने लगीं महिलाएं:दांत पीसते हुए कई पुरुषों ने कपड़े फाड़े, राजा भैया के यहां लगा दिव्य दरबार

प्रतापगढ़ में शुक्रवार को धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार लगा। श्रद्धालुओं की पर्चियां निकाली गईं। इस दौरान उन्होंने कहा- प्रेत रोगी आगे आएं। इसके बाद तीनों पंडालों से महिलाएं और पुरुष स्टेज के पास पहुंचे। धीरेंद्र शास्त्री के हनुमान चालीसा पढ़ना शुरू करते ही कुछ लोग चीखने-चिल्लाने लगे। कई महिलाएं जमीन पर लोटने और झूमने लगीं। एक युवक सिर पीटने लगा, जबकि दूसरे ने नागिन डांस किया। कुछ पुरुष दांत पीसते हुए दिखे। एक युवक ने अपनी शर्ट फाड़कर सीना पीटना शुरू कर दिया। दरबार में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा- अगर सिर्फ भभूत से ही चमत्कार होता, तो वे कैंसर का अस्पताल क्यों बनवाते? उन्होंने हनुमानजी के संजीवनी बूटी लाकर लक्ष्मण के प्राण बचाने का उदाहरण दिया। कहा कि दरबारों के चक्कर में पड़कर दवा लेना बंद न करें। दिव्य दरबार के बाद धीरेंद्र शास्त्री मंच से कूदकर नीचे उतरे। राजा भैया से मुलाकात की और विदाई ली। राजा भैया खुद गाड़ी चलाकर उन्हें हेलिकॉप्टर तक छोड़ने पहुंचे। इससे पहले राजा भैया ने खुद गाड़ी चलाकर धीरेंद्र शास्त्री को प्रयागराज से प्रतापगढ़ लेकर आने की वजह बताई। उन्होंने कहा- हम चाहते तो बागेश्वर धाम सरकार को प्रयाग से हेलिकॉप्टर से भी यहां ला सकते थे। लेकिन, यह देखना था कि रोकने वाले कौन हैं, इसलिए मैं खुद वहां गया। रास्ते में कोई दिखा नहीं। इससे पहले बेंती में राजा भैया के यहां 17 से 19 नवंबर तक तीन दिन रामकथा हुई। इसमें यूपी सरकार के कई मंत्री, फिल्म अभिनेता और कई वीआईपी शामिल होने पहुंचे। बाहुबली नेता बृजभूषण सिंह, बृजेश सिंह और धनंजय सिंह भी कथा में पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *