दूल्हे के 4 दोस्तों समेत 7 की मौत:कार 100 की स्पीड में बाइक से टकराई, फिर पेड़ से भिड़ी; यूपी से बिहार जा रहे थे

बारातियों से भरी यूपी की कार ने बिहार में 100 की स्पीड से बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद कार 20 फीट हवा में उछली, 5-6 बार पलटी खाते हुए पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में दूल्हे के 4 दोस्तों समेत 7 लोगों की मौत हो गई। इनमें 4 कार सवार और 3 बाइक सवार शामिल हैं। कार सवार 5 युवक यूपी के गाजीपुर से बारात में शामिल होने बिहार जा रहे थे। बाइक सवारों में भी एक युवक गाजीपुर का ही रहने वाला था। वह अपने मामा के यहां घूमने आया था। हादसा गुरुवार रात बिहार के बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में हुआ। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और कार के दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। कार सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी 4 ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में कार सवार गाजीपुर के भतौरा गांव निवासी बादल कुमार (30), इरफान अंसारी (25), अरबाज अली (20) और दिव्यांशु ठाकुर (22) शामिल हैं। वहीं, बाइक सवार गाजीपुर के उतरौली गांव निवासी अरुण कुमार (22), बक्सर निवासी शुभम कुमार (21) और शिवम कुमार (18) की भी जान गई है। भतौरा के प्रधान अजीत सिंह ने बताया- कार उनके गांव का छांगुर कुमार उर्फ सतेंद्र (25) चला रहा था। हादसे के बाद से उसका कुछ पता नहीं चल पाया है। उसने दो महीने पहले ही सेकेंड हैंड i-20 कार खरीदी थी। एक का पैर कटकर अलग, कार बुरी तरह डैमेज गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा गांव के 5 युवक कार से बिहार जा रहे थे। उन्हें कैमूर जिले के रामगढ़ के विशुनपुरा गांव में बारात में शामिल होना था। इसी दौरान NH-319A पर सोनपा गांव के 3 युवक बाइक से घर से निकलकर 50 मीटर आगे बढ़े ही थे कि पीछे से आ रही बारातियों की कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर पीछे बैठे अरुण का बायां पैर कटकर शरीर से अलग हो गया और दूर जा गिरा। हादसे में कारी बुरी तरह से डैमेज हो गई। हादसे की तस्वीरें देखिए… ‘कार की स्पीड ज्यादा थी, ड्राइवर संभाल नहीं पाया’ प्रत्यक्षदर्शी रविरंजन सिंह ने बताया कि कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। तेज स्पीड के कारण चालक बाइक को देखकर भी संभल नहीं सका। बाइक को टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित होकर हवा में उछली, कई बार पलटी खाई और सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे को पार करते हुए पेड़ से जा टकराई। सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था अरुण गाजीपुर के उतरौली का रहने वाला अरुण कुमार (22) दो भाइयों में छोटा था। वह सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था। वह एक दिन पहले ही सोनपा निवासी अपने मामा हरेराम राजभर के यहां घूमने आया था। शाम को वह ननिहाल के दोस्त सौरी गांव निवासी शुभम कुमार (21) और सिकरौल निवासी शिवम कुमार (18) के साथ बाइक से महावीर स्थान की तरफ जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शी बोले- इतनी तेज आवाज हुई कि दिमाग हिल गया प्रत्यक्षदर्शी और जलीलपुर पैक्स अध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि टक्कर की इतनी तेज आवाज हुई कि दिमाग हिल गया। पीछे मुड़कर देखा तो कार में चीख-पुकार मची थी। आवाज सुनकर आसपास के लोगों के साथ मौके पर पहुंचा, तो देखा कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर छटपटा रहे थे। ————————— ये खबर भी पढ़ेंः- शादी से लौट रही वकील की बेटी की मौत: डंपर से टकराई कार, पीछे से ट्रक ने टक्कर मारी; कार में मां समेत 5 लोग फंसे लखनऊ में वकील की 20 साल की बेटी की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपनी मां और 3 पड़ोसियों के साथ एक रिसॉर्ट में शादी समारोह में शामिल होने गई थी। गुरुवार देर रात लौटते समय उनकी कार आगे चल रहे डंपर में पीछे से जा घुसी। इसी बीच पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने भी कार को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह पिचक गई। उसमें सवार सभी 5 लोग अंदर फंस गए। राहगीरों ने कार का दरवाजा तोड़कर समीक्षा की मां गीता, पड़ोसी शिखर, उनकी पत्नी सुकृति और शिखर की मां को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *