मां के दरवाजे पर भिक्षा मांगने पहुंचे थे योगी:बेटे को भगवा कपड़ों में देखकर फूट-फूटकर रोई थीं; कहा- घर में क्या कमी थी?

3 साल से लापता बेटा घर लौट रहा है। यह खबर सुनकर मां की खुशी का ठिकाना नहीं था। मन में कई सवाल थे कि बेटा कैसा होगा, क्या कर रहा होगा? वे दरवाजे पर पहुंचीं, लेकिन सामने का दृश्य देखकर कदम वहीं ठिठक गए। जिस बेटे को उन्होंने जींस-पैंट में घर से विदा किया था, वह अब भगवा वस्त्रों में सामने खड़ा था। सिर मुंडा हुआ, दोनों कानों में बड़े-बड़े कुंडल और हाथ में खप्पर। वह कोई सामान्य मुलाकात करने नहीं, बल्कि अपनी ही मां से भिक्षा मांगने आया था। यह बेटा कोई और नहीं, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ थे। तब उनका नाम अजय सिंह बिष्ट था और वे संन्यासी बन चुके थे। मां के सामने खड़े होकर उन्होंने सिर्फ एक बात कही- ‘मां, भिक्षा दीजिए…’ वरिष्ठ पत्रकार विजय त्रिवेदी ने अपनी किताब ‘यदा यदा हि योगी’ में इस भावुक घटना का जिक्र किया है। किताब के मुताबिक, अजय घर के बाहर पहुंचे और भिक्षा के लिए आवाज लगाई। आवाज सुनकर जब मां दरवाजे पर आईं, तो उन्हें अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ। मुंह खुला रह गया, लेकिन शब्द नहीं निकले। आगे क्या हुआ, विस्तार से पढ़िए… मां बोलीं- ‘घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो?’ बेटे को इस रूप में देखकर मां कुछ समझ नहीं पा रही थीं, तभी अजय ने कहा- ‘मां, भिक्षा दीजिए।’ मां ने खुद को संभाला और पूछा- ‘बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो?’ अजय ने जवाब दिया- ‘मां, संन्यास मेरा धर्म है। एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटेगी। आप भिक्षा में जो कुछ देंगी, वही मेरे मनोरथ को पूरा करेगा।’ मां को अब भी उम्मीद थी कि बेटा घर के अंदर आएगा। उन्होंने कहा- ‘बेटा, तुम पहले घर के अंदर आओ।’ लेकिन अजय ने साफ मना कर दिया। कहा- ‘नहीं मां, मैं बिना भिक्षा लिए न तो घर के अंदर आ सकता हूं और न ही यहां से जा सकता हूं। जो कुछ भी हो, मुझे दे दीजिए। इसके बाद ही मैं यहां से जाऊंगा।’ बेटे की जिद के आगे मां हार गईं। वे घर के अंदर गईं और थोड़े चावल और पैसे लाकर अजय के पात्र में डाल दिए। भिक्षा मिलते ही अजय पीछे मुड़े और वापस चल दिए। मां आंखों में आंसू लिए दरवाजे पर खड़ी अपने बेटे को जाते हुए देखती रहीं। विजय त्रिवेदी ने इस घटना को अपनी किताब में बेहद भावुक अंदाज में लिखा है। उनके शब्दों में, भिक्षा लेते ही योगी आगे चल दिए।उनकी आवाज पहाड़ों के करीब पहुंचते बादलों तक गूंज रही थी- ‘अलख निरंजन!’ सूरज बादलों में छिपने और पहाड़ के पीछे जाने की कोशिश करता दिखा। वैसे भी उसका उजाला मां के लिए बेमानी हो गया था। 6 महीने तक पिता तलाशते रहे, फिर पता चला बेटा गोरखपुर में है योगी आदित्यनाथ का बचपन का नाम अजय सिंह बिष्ट था। उन्होंने 1989 में ऋषिकेश के भरत मंदिर इंटरमीडिएट कॉलेज से इंटर की पढ़ाई पूरी की। इसी साल पौड़ी के कोटद्वार स्थित डॉ. पीतांबर दत्त बड़थ्वाल हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीएससी में दाखिला लिया और 1992 में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय में फिजिक्स से एमएससी में एडमिशन लिया, लेकिन पढ़ाई पूरी नहीं कर पाए। इसी दौरान वे घर छोड़कर चले गए। परिवार को करीब छह महीने तक पता ही नहीं चला कि अजय कहां हैं। पिता आनंद सिंह बिष्ट ने बेटे को हर संभावित जगह तलाशा, लेकिन उनका कहीं सुराग नहीं मिला। बाद में किसी ने बताया कि अजय गोरखपुर के गोरखनाथ मठ में हैं और संन्यासी बन चुके हैं। यह सुनकर पिता को गहरा दुख हुआ। वे बेटे को वापस घर लाना चाहते थे, लेकिन अजय अपने फैसले पर अडिग रहे। 15 फरवरी 1994 को गोरक्षपीठ के उत्तराधिकारी घोषित हुए योगी आदित्यनाथ को संन्यासी जीवन में कई कठिन परीक्षाओं से गुजरना पड़ा, लेकिन वे अपने फैसले पर अडिग रहे। 15 फरवरी 1994 को गोरक्षपीठाधीश्वर महंत अवैद्यनाथ ने विधि-विधान से उन्हें अपना उत्तराधिकारी घोषित किया। इसके बाद योगी आदित्यनाथ के जीवन का उद्देश्य बदल गया। उन्होंने अपने जीवन के लक्ष्य को संस्कृत के इस श्लोक के जरिए व्यक्त किया… ‘न त्वं कामये राज्यं, न स्वर्ग न पुनर्भवम्।
कामये दुःखतप्तानां प्राणिनामर्तिनाशनम्।’ इसका भावार्थ है- हे प्रभु, मैं राजपाट, स्वर्ग या मोक्ष की कामना नहीं करता। मेरी कामना केवल इतनी है कि दुख से पीड़ित प्राणियों के कष्ट दूर कर सकूं। 1998 में योगी आदित्यनाथ पहली बार गोरखपुर से सांसद बने और इसके बाद लगातार पांच बार लोकसभा चुनाव जीते। 2017 में ‌वह यूपी के मुख्यमंत्री बने। राजनीति में आने के बाद भी परिवार से उनका संपर्क बना रहा और मां सावित्री देवी से मुलाकातें होती रहीं। मुख्यमंत्री बनने के बाद मई 2022 में वे करीब पांच साल बाद अपने गांव पहुंचे थे। तब मां के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और पूछा था- ‘पहचान लिया न मुझे?’ जून 2024 में भी वे ऋषिकेश एम्स में भर्ती मां से मिलने पहुंचे थे। इसके बाद 9 फरवरी 2026 को उन्होंने गांव जाकर मां से मुलाकात की थी। अब मां के निधन के बाद योगी आदित्यनाथ एक बार फिर अपने पैतृक गांव पंचूर जाएंगे, लेकिन इस बार घर की दहलीज पर मां उनका इंतजार नहीं करेंगी।
———–
ये पढ़ें –
CM योगी ने स्टूडेंट्स के साथ सेल्फी ली:बोले- रील पर 30 सेकेंड और स्किल पर 3 घंटे दीजिए; 50 हजार विद्यार्थियों को मिले टैबलेट गोरखपुर में CM योगी आज यानी शुक्रवार काे स्टूडेंट्स को टैबलेट बांटे। इस दौरान स्टूडेंट्स से उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा। चंपा देवी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचने के दौरान CM ने मंच से स्टूडेंट्स के साथ सेल्फी ली। CM योगी ने कहा- यह टैबलेट केवल टैबलेट नहीं है। यह केवल रील देखने का माध्यम नहीं है। पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट व स्मार्ट फोन दिया। बाद में युवाओं की ओर से मांग आई कि उन्हें स्मार्ट फोन की जगह टैबलेट मिले। दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट देने जा रहे हैं। लखनऊ के बाद दूसरा कार्यक्रम गोरखपुर में हो रहा है। पढ़िए पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *