काशी की दालमंडी में ADM से भिड़े कारोबारी:ACP बोले- मकान खाली करो, दुकानदार ने कहा- घर तोड़ा तो 14 लोग मरेंगे

वाराणसी की दालमंडी में आज, सोमवार को फिर से मकान और दुकानें तोड़ी जानी है। शाम को टीम दुकानें-मकानों को ढहाने पहुंची। ADM सिटी आलोक वर्मा से कारोबारी भिड़ गए। दुकानों को तोड़े जाने का विरोध किया। उनके साथ धक्का-मुक्की। इस दौरान पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। वहीं एसीपी ने माइक से दुकानों और मकानों को खाली करने का ऐलान किया। जवाब में दुकानदारों ने कहा- नहीं खाली करेंगे। हम लोग यहीं रहेंगे। कहा- हमारे मकान में बच्चों समेत 14 लोग हैं। मकान तोड़ा तो 14 लोग मरेंगे। मौके पर नगर निगम, PWD, पुलिस-RAF के साथ बड़ी संख्या में अफसर मौजूद रहे। पुलिस के जवान तैनात रहे। इससे पहले सुबह चंदौली से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने दाल मंडी के व्यापारियों से मिलने की घोषणा की। लेकिन पुलिस ने उन्हें घर से निकलते ही रोक लिया। सपा सांसद करीब 100 समर्थकों के साथ टैगोर कालोनी में ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा- हम दाल मंडी जरूर जाएंगे। वहीं, पूर्व मंत्री मनोज राय ने कहा- सरकार रोजगार नहीं दे पा रही, बल्कि कारोबार छीन रही है। करीब दो घंटे बाद ADM सिटी आलोक वर्मा, DCP वरुणा जोन प्रमोद कुमार, ACP कैंट नितिन तनेजा ने सपा नेताओं को समझाकर धरना समाप्त कराया। रविवार शाम जिला प्रशासन ने एक दुकान के ऊपर बने 2 फ्लोर को ढहाया था। शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक 4 घंटे 8 मजदूरों ने हथौड़ा चलाया था। 187 मकानों को ढहाने के लिए नगर निगम ने चिह्नित किया है। इनके मालिकों को करीब 191 करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाना है। इनमें 14 दुकानदारों ने मुआवजा लेकर ध्वस्तीकरण की मंजूरी लिखित में दी है। सबसे पहले इनके ही मकान-दुकान गिराए जा रहे हैं। अब तक 2 ही मकान गिराए गए हैं। दालमंडी को अंग्रेज ‘डॉलमंडी’ कहते थे। बॉलीवुड अभिनेत्री नरगिस की मां और एक्टर संजय दत्त की नानी जद्दनबाई यहीं से थीं। बनारस घराने के मशहूर तबलावादक लक्ष्मी नारायण सिंह यानी लच्छू महाराज का भी यहां से गहरा नाता था। 3 तस्वीरें देखिए… 3 ग्राफिक्स में दाल मंडी के बारे में समझते हैं… वाराणसी की दालमंडी गली को मॉडल सड़क के रूप में विकसित किया जाना है। प्रधानमंत्री ने अगस्त में इसका शिलान्यास किया था। इसके लिए राज्य सरकार की तरफ से 215.88 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं।दाल मंडी काशी विश्वनाथ मंदिर से महज 100 मीटर की दूरी पर है। जो कि काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट 4 के सामने हैं। दालमंडी के ले-आउट के मुताबिक, यह शहर की सबसे खूबसूरत सड़क होगी। इस सड़क को देखकर लोग दिल्ली और बेंगलुरु की सड़कों को याद करेंगे। सड़क के दोनों तरफ हरियाली के लिए 3.2 मीटर का फुटपाथ भी बनाया जाएगा। दाल मंडी से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *