यूपी में मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी है। सोमवार को नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर, मेरठ, वाराणसी और मथुरा समेत 15 शहरों में रुक-रुक कर तेज बारिश हुई। मथुरा में इतनी बारिश हुई कि अंडरपास में 2 फीट तक पानी भर गया। सड़कें तालाब बन गईं। कारें आधी डूब गईं। कई बाइक और ऑटो भी पानी में फंसकर बंद हो गए। नोएडा में सेक्टर 62 मेट्रो स्टेशन की सीढ़ियों के पास पानी भर गया। गाजीपुर और जौनपुर में 8वीं तक के स्कूलों की छुट्टी कर दी गई। बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। गाजीपुर में बाढ़ के पानी में डूबने से एक युवक की जान चली गई। मुगलसराय में कच्ची दीवार गिरने से एक मासूम की मौत हो गई। मौसम विभाग ने आज 75 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 3 जिलों में बहुत भारी और 14 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इधर, लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। 19 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। 92 गांवों में फसलें खराब हो गई हैं। 26 गांव टापू बन गए हैं। ललितपुर में रविवार को सैर नाले पर बना पुल डूब गया। तेज बहाव के बीच एक युवक बाइक लेकर पुल पार करने लगा, जिससे उसकी बाइक बह गई। गनीमत रही कि युवक बाल-बाल बच गया। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- पूर्वी यूपी में बने चक्रवाती सिस्टम और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। अगले कुछ दिन तक पूर्वी यूपी में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। पूर्वी यूपी के दक्षिणी हिस्सों में बहुत भारी बारिश के आसार हैं। पश्चिमी यूपी में पछुआ हवाओं की वजह से फिलहाल तेज या भारी बारिश की संभावना काफी कम है। आज किन जिलों में बारिश हो सकती है, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
मथुरा में कारें आधी डूबीं, अंडरपास में पानी भरा:नोएडा में मेट्रो स्टेशन की सीढ़ियों पर पानी, यूपी के 15 शहरों में बारिश, 2 की मौत
