सहारनपुर की XUV गाड़ी में तेज धमाका:बोनट से धुआं उठता देख कार रुकवाई, अचानक आग का गुबार उठा

हरियाणा में सहारनपुर के युवक की महिंद्रा 300 XUV कार में आग लगने के बाद तेज धमाका हो गया। चलती गाड़ी के बोनट से धुआं उठता देख बाइक सवार ने गाड़ी रुकवाई। ड्राइवर और उसकी भाभी तुरंत गाड़ी से उतरे। बाइक सवार युवक ने बोनट और बंपर खोला। तभी अचानक आग का गुबार उठा, तो आसपास के लोग डरकर दूर हट गए। इसके बाद जोरदार धमाका हुआ और गाड़ी आग का गोला बन गई। गनीमत रही चालक तयैब और उसकी भाभी नसीमा समय रहते गाड़ी से उतर गए, जिससे दोनों की जान बच गई। हादसा शनिवार सुबह 9.30 बजे का यमुनानगर में हथिनीकुंड बैराज पर हुआ। सहारनपुर के पठलोकर गांव के रहने वाले तयैब अपनी भाभी नसीमा के साथ यमुनानगर के मालीमाजरा में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। अब पढ़िए पूरा मामला… गाड़ी हरियाणा के अनीश के नाम पर रजिस्टर्ड
जिस महिंद्रा XUV 300 (HR71L-6002) गाड़ी में आग लगी, वह साल-2024 मॉडल है। गाड़ी यमुनानगर के प्रतापनगर में रहने वाले अनीस के नाम पर है। हालांकि, गाड़ी का इस्तेमाल यूपी में रहने वाला उसके मामा का बेटा तयैब करता है। तयैब ने बताया कि भाभी नसीमा के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। गांव से करीब 20 किलोमीटर तक गाड़ी ठीक चली। जब उन्होंने हथिनीकुंड बैराज से हरियाणा की सीमा में एंट्री की, तभी एक बाइक सवार ने गाड़ी रुकवाई। बैराज पर धमाके से 2 राज्यों की पुलिस अलर्ट
जब तयैब ने गाड़ी रोकी, तो बाइक युवक ने बताया कि बोनट से धुआं निकल रहा। इस पर देवर-भाभी गाड़ी से उतर गए। इसके बाद बाइक सवार युवक की मदद से गाड़ी का बोनट और बंपर खोला। तभी आग का गुब्बार उठा। सभी पीछे हट गए। कुछ ही देर में जोर का धमाका हुआ। हथिनीकुंड बैराज पर बना पुल हरियाणा और यूपी को जोड़ता है। इस वजह से बैराज पर धमाके की आवाज से दोनों राज्यों की पुलिस अलर्ट हो गई। यूपी पुलिस पहले मौके पर पहुंची। हरियाणा पुलिस बाद में आई। हथिनीकुंड बैराज पर पहले पुलिस नाका था, जो काफी समय से बंद है। हरियाणा से फायर ब्रिगेड की गाड़ी ढाई घंटे लेट पहुंची
जैसे ही कार में आग लगी, यूपी और हरियाणा की दमकल गाड़ियों को सूचना दी गई। यूपी के मिर्जापुर से पहले दमकल की गाड़ी पहुंची। जबकि हरियाणा से दमकल विभाग की गाड़ी करीब ढाई घंटे लेट यानी करीब 12 बजे पहुंची। मिर्जापुर से बैराज की दूरी करीब 20 किलोमीटर है, जबकि छछरौली से बैराज करीब 25 किलोमीटर दूर पड़ता है। डायल 112 की टीम भी करीब 11.45 बजे मौके पर पहुंची। आर्मी की गाड़ियां और एम्बुलेंस जाम में फंसी
मौके पर जुटे लोगों ने बताया कि धमाका होने के बाद बैराज के पुल पर जाम लग गया। शादियों का सीजन होने की वजह से यहां काफी आवाजाही रहती है। हिमाचल, यूपी, हरियाणा और पंजाब के वाहन यहां से गुजरते हैं। इस दौरान आर्मी की गाड़ियां भी मूवमेंट कर रही थीं, जो जाम में फंस गईं। पुलिस ने पहले आर्मी की गाड़ियों को निकलवाया। उसके बाद एम्बुलेंस को रास्ता दिया गया। करीब 12 बजे यातायात सामान्य हो सका। ————-
ये खबर भी पढ़ें…
यूपी में हाईवे पर 5 बार पलटी बोलेरो, VIDEO; फिल्मी अंदाज में फ्लाईओवर से टकराकर सीधी हुई, ड्राइवर लेकर भाग गया गोरखपुर में हाईवे पर फिल्मों जैसा नजारा देखने को मिला है। यहां 100 की स्पीड बोलेरो बेकाबू हो गई। टाटा मैजिक को जोरदार टक्कर मार दी, फिर बोलेरो 5-6 बार पलटी खाई। करीब 100 मीटर तक आगे गई। फिर फिल्मी अंदाज में फ्लाईओवर से टकराकर सीधी हो गई। पढ़ी पूरी खबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *