उमेश द्विवेदी ब्यूरो चीफ
उन्नाव। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली सदर पुलिस की साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के तीन पीड़ितों के कुल 49,100 रुपये उनके खातों में वापस कराए हैं। पहले प्रकरण में 7 जुलाई 2026 को पिंटू निवासी करोवन और अंकित साहू निवासी ललऊखेड़ा ने मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर अपने होल्ड किए गए 8,200 रुपये और 20,000 रुपये वापस दिलाने की मांग की थी। साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आवेदकों के खातों में पूरी धनराशि रिफंड करा दी। दूसरे प्रकरण में जूली, निवासी कुद्दूखेड़ा, ने फोनपे के माध्यम से हुई साइबर ठगी की शिकायत साइबर हेल्पडेस्क पर दर्ज कराई थी। जांच और आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने उनके खाते में 20,900 रुपये भी वापस करा दिए। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक चन्द्रकान्त मिश्र, उपनिरीक्षक राजेश यादव, महिला कांस्टेबल सोनिया शर्मा तथा आरक्षी ऐलिस श्रीवास की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या निकटतम साइबर हेल्पडेस्क पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते धनराशि होल्ड कराकर वापस कराई जा सके।
