यूपी में मानसूनी बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। सोमवार सुबह से पूरे प्रदेश में बादल छाए हैं। लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, अयोध्या, बरेली समेत 20 शहरों में बारिश हो रही है। लखनऊ में रविवार रात 10.30 बजे शुरू हुई रिमझिम बारिश सोमवार दोपहर तक जारी है। आज पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट है। 69 शहरों में भारी बारिश हो सकती है। फिरोजाबाद में इतनी बारिश हुई कि सरकारी अस्पताल में पानी घुस गया। पुलिसवाले हाथ में जूते पकड़कर घुटनों तक पानी में चलते नजर आए। शामली में नहर फूट गई। किनारे बनी सड़क 10 फीट धंस गई। नहर का पानी गांवों में घुस गया। कई बीघा खेत जलमग्न हो गए। इधर, पहाड़ों पर हो रही बारिश से यूपी में नदियों का जलस्तर तेजी बढ़ रहा है। वाराणसी-प्रयागराज में घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं। काशी में दशाश्वमेध से लेकर पंचगंगा घाट तक रत्नेश्वर महादेव मंदिर समेत 40 छोटे मंदिरों में पानी भर गया है। बलिया में सरयू और लखीमपुर में शारदा नदी के किनारे कटान शुरू हो गया है। 100 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। संतकबीरनगर में बारिश में 300 साल पुराना बाबा बैजूनाथ मंदिर ढह गया। पिछले 24 घंटे में बारिश और बिजली गिरने की वजह से प्रदेश में 7 लोगों की मौत हो गई। मुजफ्फरनगर में कच्चा मकान ढहने से परिवार के 5 लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई। बलिया-चंदौली में बिजली गिरने से खेत में धान रोपाई कर रहे एक-एक किसान की जान चली गई। 5-6 दिन भारी बारिश के आसार इससे पहले, रविवार को 65 शहरों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा 97.5 मिमी. बारिश चंदौली में हुई। श्रावस्ती में 60.9, बलिया में 58.5, रामपुर में 48.7 और बलरामपुर में 47.6 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश में 5-6 दिन भारी बारिश की आशंका जताई है। लोगों को निचले इलाकों और नदी किनारे बसे क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम की तस्वीरें- लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया के कमजोर पड़ने के साथ ही मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसका असर यूपी पर पड़ रहा है। मानसूनी रेखा श्रीगंगानगर, रोहतक, हरदोई, वाराणसी, रांची होते हुए उत्तरी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। ऐसे में प्रदेश में 22 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके बाद 3-4 दिन कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। यूपी के मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
यूपी में सड़कें धंसीं, मंदिर डूबे, अस्पताल में घुसा पानी:पुलिसवाले जूते हाथ में लेकर चले; 20 शहरों में बारिश, 7 की मौत
