अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सोमवार दोपहर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू हो गई है। SG तुषार मेहता ने कहा- कोर्ट के आदेश के मुताबिक, हमने स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर दी है। जांच चल रही है। 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। CJI ने पूछा- क्या मौजूदा SIT जांच कर रही है? SG ने कहा- पुलिस जांच कर रही है। उनका कहना है कि यह संज्ञेय अपराध (cognizable offense) का मामला बनता है। CJI ने पूछा- SIT का गठन कैसा है? क्या यह वही है? जांच अधिकारी कौन है? क्या जांच के लिए कोई SIT है? इस पर SG ने कहा- नहीं। CJI ने कहा- हम 3-4 दिन बाद इस पर सुनवाई करेंगे। हम इस रिपोर्ट को देखना चाहेंगे। इससे पहले, स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने रविवार देर रात जांच की स्टेटस रिपोर्ट कोर्ट में दाखिल कर दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में सौंपी गई है। इससे पहले 13 जुलाई को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने यूपी, केंद्र सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया था। कोर्ट ने SIT से स्टेटस रिपोर्ट मांगी थी। दरअसल, चढ़ावा चोरी से जुड़ी चार अलग-अलग याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की गई हैं। इनमें जांच CBI को सौंपने के अलावा मंदिर में दान के प्रबंधन से जुड़े अलग-अलग विषयों की समीक्षा के लिए एक्सपर्ट कमेटी बनाने की मांग की गई है। वहीं, सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा- आज अफसोस है कि राम मंदिर में चंदा चोरी और चढ़ावा चोरी हुई है। यह करोड़ों की चोरी है।भाजपा के लोग असल मुजरिमों को बचाना चाहते हैं। इधर, चढ़ावा चोरी के आरोपी रामशंकर यादव उर्फ ‘टिन्नू’ और उसके भतीजे मनीष से अर्टिगा कार, बुलेट और कैश मिला है। जमीन से जुड़े कागजात भी मिले हैं। टिन्नू और मनीष को पुलिस ने रिमांड पर लिया था। 39 घंटे पूरे होने के बाद रविवार रात 11 बजे दोनों को फिर जेल भेज दिया गया। टिन्नू, राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का करीबी रहा है। वह मंदिर के दानपात्रों की देखरेख करता था, जबकि मनीष चढ़ावे की गिनती का काम करता था। पुलिस ने टिन्नू के घर से 1 लाख रुपए और मनीष के घर से 2 लाख रुपए बरामद किए थे। राम मंदिर से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए-
राममंदिर चढ़ावा चोरी- SC ने पूछा- कौन जांच कर रहा:सरकार का जवाब- पुलिस, ये गंभीर अपराध का मामला
