ब्यूरो रिपोर्ट
लखनऊ। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (R.A.M.) के लखनऊ जिलाध्यक्ष नीरज शुक्ला के नेतृत्व में शुक्रवार को NEET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, धांधली तथा दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी लखनऊ के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि पेपर लीक की घटनाएं केवल परीक्षा प्रणाली पर सवाल नहीं उठातीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के भविष्य और उनके अभिभावकों की वर्षों की मेहनत के साथ भी अन्याय हैं। संगठन ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने अपनी प्रमुख मांगों में शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने, सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (SIT) गठित करने, परीक्षा माफियाओं की संपत्ति जब्त कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने, परीक्षा संबंधी घटनाओं में जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।इसके अलावा दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई, घायल छात्रों का निःशुल्क उपचार और उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।इस दौरान जिलाध्यक्ष नीरज शुक्ला, महामंत्री प्रकाश सिंह विष्ट, उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, उपाध्यक्ष मुकेश शुक्ला, बीकेटी विधानसभा अध्यक्ष आशुतोष दुबे, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष शर्मा, उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार, सोशल मीडिया प्रभारी आदर्श सिंह सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
