आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 80 लीटर कच्ची शराब बरामद, 1100 किलो लहन नष्ट

 

ब्यूरो रिपोर्ट उमेश द्विवेदी

पुरवा, उन्नाव। शासन के निर्देश पर जनपद उन्नाव में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और ओवररेटिंग पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से शुक्रवार को आबकारी विभाग ने व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया, वहीं कई स्थानों पर छापेमारी कर 80 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस संबंध में तीन अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश तथा संयुक्त आबकारी आयुक्त लखनऊ जोन एवं उप आबकारी आयुक्त लखनऊ के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 सदर, क्षेत्र-3 सफीपुर एवं क्षेत्र-5 बीघापुर की टीमों ने संबंधित तहसीलों की देशी और कंपोजिट मदिरा दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोपनीय रूप से टेस्ट परचेज भी कराई गई, जिसमें किसी भी दुकान पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की शिकायत नहीं मिली। सभी दुकानों पर निर्धारित ब्रांड और 100 एमएल पैक उपलब्ध पाए गए। अधिकारियों ने विक्रेताओं को सभी बिक्री ई-पास मशीन के माध्यम से करने के निर्देश दिए।इसके बाद आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-4 पुरवा एवं क्षेत्र-5 बीघापुर ने स्थानीय पुलिस बल के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए तहसील पुरवा के ग्राम पठई मजरा अकोहरी, कोरटगंज, मवई, छोटीखेड़ा (थाना मौरावां) तथा तहसील बीघापुर के ग्राम गढ़ाकोला एवं भाटमऊ (थाना पुरवा) में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 80 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।छापेमारी के दौरान अवैध शराब बनाने में प्रयुक्त लगभग 1100 किलोग्राम महुआ का लहन भी मौके पर नष्ट कराया गया। बरामदगी के आधार पर आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में तीन अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।आबकारी विभाग ने कहा कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *