डीएसएन पीजी कॉलेज में बांटे गए कैशलेस मेडिकल कार्ड

डीएसएन पीजी कॉलेज में बांटे गए कैशलेस मेडिकल कार्ड

ब्यूरो चीफ उमेश द्विवेदी

 

उन्नाव। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत रविवार को डीएसएन पीजी कॉलेज, उन्नाव में शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में योजना की विशेषताओं और स्वास्थ्य सुरक्षा से मिलने वाले लाभों की जानकारी भी दी गई। बता दे कि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए इस सुविधा को एक ऐतिहासिक निर्णय बताया। विधायक गुप्ता ने आगे कहा कि यह योजना केवल कैशलेस उपचार की व्यवस्था ही नहीं करती, बल्कि इसमें बीमा कवर की सुविधा भी शामिल है। इससे शिक्षक और कर्मचारी अपने स्वास्थ्य को लेकर निश्चिंत रह सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत उनके परिवारों को भी विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभमिलेगा, जिससे आर्थिक बोझ कम होगा और बेहतर चिकित्सा उपलब्ध हो सकेगी। विधायक ने इस बात पर जोर दिया कि शिक्षकों की भूमिका देश की भावी पीढ़ी के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण होती है। ऐसी योजनाएं शिक्षकों का मनोबल बढ़ाती हैं और भारत को विश्वगुरु बनाने के संकल्प को मजबूत करती हैं। डीएसएन पीजी कॉलेज परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पात्र लाभार्थियों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए और उन्हें योजना के उपयोग, पात्रता तथा सूचीबद्ध अस्पतालों में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) योगेन्द्र उपाध्याय, राज्यमंत्री रजनी तिवारी, विधायक पंकज गुप्ता मंच पर रहे। वक्ताओं ने कहा कि सरकार शिक्षा के साथ-साथ शिक्षकों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। योजना के माध्यम से उच्च शिक्षा संस्थानों से जुड़े कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *