विकराल रूप में शारदा… जमीन सहित समाई 120 बीघा गन्ने की फसल

बिजुआ। तहसील गोला के गांव रामनगर कलां के मजरा रामपुर में शारदा नदी का कटान विकराल हो गया है। तेज धार से अब तक करीब 120 बीघा खड़ी गन्ने की फसल नदी में समा चुकी है और कटान का दायरा लगातार बढ़ रहा है।पीड़ित किसान रामसिंह ने बताया कि उन्होंने बैंक से कर्ज लेकर खेती की थी। फसल अच्छी थी, लेकिन अब सब कुछ नदी में चला गया। अन्य कई किसानों की भी पांच से 10 बीघा तक जमीन कट चुकी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कटान रोकने के लिए प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। किसानों ने जिलाधिकारी और सिंचाई विभाग से रामनगर कलां में तत्काल बचाव कार्य कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते बचाव नहीं हुआ तो गांव की सैकड़ों बीघा जमीन नदी में समा सकती है
गोला तहसीलदार अरुण कुमार ने बताया कि लेखपाल अजय कुमार गुप्ता को मौके पर भेजा गया है। शारदा नदी के उत्तरी किनारे पर कटान हो रही है। प्रभावित किसानों की सूची लेखपाल बना रहे हैं। उन्हें मिलने वाले मुआवजे के लिए तुरंत कार्रवाई की जाएगी। तहसील प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *