लखीमपुर। श्रावण मास के दौरान शिवभक्तों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मंदिरों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की गई।ज्ञापन में मांग की गई कि श्रावण मास में जिले के प्रमुख शिव मंदिरों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम, चिकित्सा शिविर तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। साथ ही बेलपत्र, फूल-माला व अन्य पूजन सामग्री के अवशेषों के उचित निस्तारण की व्यवस्था करने की भी मांग उठाई गई।इसके अलावा श्रावण मास के दौरान मंदिरों के आसपास संचालित मांस की दुकानों को बंद रखने की मांग भी की गई, ताकि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे और शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा-अर्चना संपन्न हो सके।इस अवसर पर जिला मंत्री सुनील कुमार, जिलाध्यक्ष विपुल सेठ, मोनू शर्मा, आलोक मिश्रा, मोहित श्रीवास्तव, मनीष कुमार, मंजीत कुमार, लेखराम चौरसिया, राम सहारे, आनंद दीक्षित, सतीश जोशी, दिनेश कुमार (प्रखंड अध्यक्ष, लखीमपुर देहात) सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
श्रावण मास में व्यवस्थाओं को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन
