श्रावण मास को लेकर पीस कमेटी की बैठक, एएसपी विवेक तिवारी व एसडीएम ने दिए निर्देश

ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में नियमों का पालन करने की अपील, आपत्तिजनक गानों पर रोक के निर्देश

लखीमपुर खीरी। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना खीरी परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी एवं सदर एसडीएम ने संयुक्त रूप से की। बैठक में ग्राम प्रधानों, डीजे संचालकों, ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालकों, नगर पंचायत कर्मियों सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर शासन द्वारा पूर्व में जारी की गई गाइडलाइंस ही प्रभावी रहेंगी और सभी को उनका पालन करना अनिवार्य होगा।
सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी ने डीजे संचालकों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी समुदाय, धर्म या व्यक्ति विशेष को निशाना बनाने वाले अथवा आपत्तिजनक गाने नहीं बजाए जाएं। केवल भक्ति से जुड़े गीत ही बजाए जाएं और डीजे निर्धारित वॉल्यूम में संचालित किए जाएं।उन्होंने ग्राम प्रधानों से अपील की कि अपने-अपने गांवों से कांवड़ यात्रा में जाने वाले श्रद्धालुओं को प्रशासन के निर्देशों की जानकारी दें। कांवड़ियों को समझाया जाए कि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को आपस में जोड़कर न ले जाएं और यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें।ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालकों को निर्देश दिए गए कि प्रतिष्ठान पर दुकान के नाम के साथ संचालक का नाम भी स्पष्ट रूप से अंकित हो। भोजन की गुणवत्ता बेहतर रखी जाए और ग्राहकों को ताजा व स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए। प्रतिबंधित दिनों में अंडा, मांस, मछली और शराब की बिक्री नहीं की जाएगी।सदर एसडीएम ने नगर पंचायत को कांवड़ियों के ठहरने वाले स्थानों और यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। भंडारों वाले स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था, नगर पंचायत कर्मियों की तैनाती और विद्युत व्यवस्था को समय से दुरुस्त कराने को कहा गया।दोनों अधिकारियों ने कांवड़ियों के रुकने वाले स्थानों पर जहरीले जीव-जंतुओं से बचाव के लिए आवश्यक पाउडर का छिड़काव कराने, सुरक्षा की दृष्टि से कस्बा खीरी में प्रमुख मंदिरों और मस्जिदों के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।विवेक तिवारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सहायता के लिए वालंटियर ग्रुप बनाया जाएगा। यात्रा मार्ग पर प्रत्येक दो किलोमीटर की दूरी पर निजी वालंटियर तैनात रहेंगे, जो श्रद्धालुओं की मदद करेंगे और प्रशासन से समन्वय बनाए रखेंगे।बैठक के अंत में थाना प्रभारी निरीक्षक अवनिश कुमार सिंह ने सभी से अपील की कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *