सुलतानपुर में अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज, मुख्य बाजार की सड़कें और पटरी कराई गई खाली
ब्यूरो चीफ: विपिन द्विवेदी
सुलतानपुर- जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका परिषद द्वारा चलाए जा रहे **”अतिक्रमण हटाओ अभियान”** के तहत शुक्रवार को अधिशासी अधिकारी **लालचन्द्र सरोज** के नेतृत्व में नगर पालिका एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने नगर के प्रमुख बाजारों और सड़कों पर सघन अभियान चलाया।
अभियान के दौरान कोतवाली नगर से जिला अस्पताल, केनरा बैंक, चौक घंटाघर, आगरा मिष्ठान भंडार, पंजाबी मार्केट, गभड़िया पुल, पंजाब नेशनल बैंक सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों पर सड़क और दोनों पटरियों पर दुकानें बढ़ाकर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। टीम ने दुकानदारों एवं पथ विक्रेताओं को चेतावनी देते हुए मार्गों और फुटपाथों को खाली कराया।
अधिशासी अधिकारी लालचन्द्र सरोज ने बताया कि नगर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि चेतावनी और जुर्माना लगाए जाने के बाद भी यदि कोई दोबारा अतिक्रमण करता है तो उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने पथ विक्रेताओं से अपील की कि वे केवल निर्धारित वेंडिंग जोन में ही अपनी दुकानें लगाएं, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अभियान में पुलिस विभाग के उपनिरीक्षक के साथ नगर पालिका के सहायक अभियंता **संतोष कुमार**, अवर अभियंता **नीलम कुमारी**, राजस्व निरीक्षक **प्रवीण सिंह**, **अनूप कुमार भारती** तथा नगर पालिका के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
