रामकोट परिक्रमा की वर्षगांठ पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा, तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे संत
अयोध्या। नित्य श्रीरामजन्मभूमि समवेत रामकोट परिक्रमा की वर्षगांठ के अवसर पर 21 अगस्त (नवमी) 2026 को आयोजित होने वाली भव्य एवं दिव्य परिक्रमा की तैयारियों को लेकर रविवार को बिड़ला धर्मशाला सभागार में संतों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और रामभक्तों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन डॉ. अनिल मिश्रा के आह्वान पर हुआ, जिसकी अध्यक्षता श्रीराम वल्लभाकुंज के अधिकारी महंत राजकुमार दास ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए महंत राजकुमार दास ने कहा कि अयोध्या पर सदैव भगवान हनुमान की विशेष कृपा रही है। उन्होंने कहा कि अनेक आतंकी घटनाओं के बावजूद रामनगरी को कोई बड़ी क्षति नहीं पहुंची, जो हनुमान जी के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने बताया कि रामकोट की यह अंतर्ग्रही परिक्रमा प्राचीन परंपरा का हिस्सा है, जिसे संत-महात्मा वर्षों से करते आ रहे हैं। इस परिक्रमा मार्ग में श्रीरामजन्मभूमि, हनुमानगढ़ी, कनक भवन सहित 108 प्रमुख धार्मिक स्थल शामिल हैं।
डॉ. अनिल मिश्रा ने कहा कि श्रीरामजन्मभूमि मंदिर पर हुए आतंकी हमले के बाद संतों के मार्गदर्शन में भारतीय संस्कृति और महाराजा विक्रमादित्य द्वारा स्थापित अयोध्या की गौरवशाली परंपरा को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से इस परिक्रमा की शुरुआत की गई थी। उन्होंने बताया कि श्रीरामजन्मभूमि मंदिर के भव्य निर्माण के बाद प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे संतों के नेतृत्व में नित्य रामकोट परिक्रमा का आयोजन हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
बैठक में संत पुजारी रमेश दास, शशिकांत दास, राघवेश दास वेदांती, रामशरण रामायणी, जानकी दास, सीताराम दास तथा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने भी अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने 21 अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य परिक्रमा में अधिक से अधिक रामभक्तों से शामिल होने का आह्वान किया। बैठक का संचालन पूर्व डीजीसी रामकुमार राय ने किया। इस अवसर पर पूर्व भाजपा महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र, नरेंद्र जी, सुशील जायसवाल, आशीष अग्रवाल, डॉ. आर.पी. पांडेय, बृजकिशोर पाण्डेय, पंकज गुप्ता, अरुण अग्रवाल, शैलेंद्र सोनी, रामसंजीवन मिश्रा, आकाश जायसवाल, रेनू मिश्रा, भारती सिंह, अंकित त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
