पुलिस की पाठशाला’ में साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा व यातायात नियमों की दी जानकारी

 

उन्नाव। जनपद के सन-डी-सन पब्लिक इंटर कॉलेज में साइबर क्राइम थाना, यातायात पुलिस और मिशन शक्ति टीम के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को ‘पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी यातायात अजय सिंह ने कहा कि डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से बचने के लिए प्रत्येक नागरिक को सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, बैंक खाते व अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी से साझा न करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

साइबर थाना के आरक्षी समसुद्दीन और आरक्षी मोनू यादव ने फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया धोखाधड़ी, ऑनलाइन निवेश, गेमिंग फ्रॉड और फर्जी लिंक जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, आत्मविश्वास, हेल्पलाइन सेवाओं तथा महिलाओं और बालिकाओं को प्राप्त कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए किसी भी समस्या की सूचना निर्भीक होकर पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।यातायात विभाग के ट्रैफिक इंस्पेक्टर सुनील सिंह, उपनिरीक्षक तिलक और उपनिरीक्षक अनिल सिंह ने सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की सलाह दी।कार्यक्रम के अंत में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। क्षेत्राधिकारी यातायात अजय सिंह और विद्यालय की प्रधानाचार्या तबस्सुम नफ़ीस ने संयुक्त रूप से पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशीष श्रीवास्तव, प्रभारी परिवार परामर्श समिति, जनपद उन्नाव ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *