आस्तीक बाबा मंदिर में मूर्ति तोड़ने और अवैध कब्जे का आरोप – सेवादार ने एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार

आस्तीक बाबा मंदिर में मूर्ति तोड़ने और अवैध कब्जे का आरोप
– सेवादार ने एसडीएम से लगाई न्याय की गुहारमहराजगंज, रायबरेली । कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बेनीपुर मजरे इन्दौरा स्थित प्राचीन आस्तीक बाबा मंदिर में मूर्ति तोड़े जाने, मंदिर परिसर की भूमि पर अवैध कब्जा करने तथा गंदगी फैलाने का मामला सामने आया है। मंदिर के सेवादार आसरे पुत्र बाबूलाल निवासी ग्राम बेनीपुर मजरे इन्दौरा ने उपजिलाधिकारी एवं पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
सेवादार के अनुसार, 2 अगस्त की रात गांव के ही रमेश पुत्र हीरालाल, दिनेश पुत्र रमेश तथा रमेश की पत्नी ने मंदिर परिसर में स्थापित गाय की मूर्ति तोड़ दी। आरोप है कि प्रतिपक्षियों ने पहले से मंदिर परिसर की भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है और घर का नाबदान का पानी तथा कचरा भी मंदिर परिसर में बहाया जा रहा है, जिससे मंदिर की पवित्रता प्रभावित हो रही है। श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सेवादार ने बताया कि वह वर्षों से मंदिर के सेवादार हैं और उनसे पहले उनके पिता भी मंदिर की सेवा करते थे। उन्होंने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर अवैध कब्जा हटवाने तथा मंदिर परिसर की साफ-सफाई कराए जाने की मांग की है।
उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम ने कहा, शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच राजस्व एवं पुलिस टीम से कराई जाएगी। यदि जांच में मंदिर परिसर पर अवैध कब्जा, अतिक्रमण या मूर्ति क्षतिग्रस्त किए जाने की पुष्टि होती है तो नियमानुसार सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी सार्वजनिक धार्मिक स्थल की भूमि पर अवैध कब्जा या नुकसान पहुंचाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। फिलहाल पुलिस एवं राजस्व विभाग मामले की जांच में जुट गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *