डंपर की टक्कर से कक्षा सात का छात्र घायल, गम्भीर अवस्था में जिला अस्पताल रिफर 

नसीराबाद रायबरेली। नसीराबाद थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कक्षा सात का छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को सी एच सी नसीराबाद में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने डंपर को चालक सहित कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, नसीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम सराय निवासी राजेश मौर्य का 12 वर्षीय पुत्र श्याम कुमार शिव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, रमसापुर लहेंगा में कक्षा सात का छात्र है। बुधवार को विद्यालय की छुट्टी के बाद वह अन्य छात्रों के साथ साइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही छतोह-गांधीनगर मार्ग पर हाजीपुर गांव स्थित शराब ठेका मोड़ के पास पहुंचा, तभी गांधी नगर की ओर से आ रहे।एक तेज रफ्तार डंपर (यूपी-71 एटी-9780) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद सूफिया ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरवी-7978 से आरक्षी मुकेश यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नसीराबाद पहुंचाया। जहां सीएचसी में मौजूद डॉ. अजय राजपूत ने प्राथमिक उपचार के बाद छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और डंपर को चालक सहित कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी पवन कुमार सोनकर ने बताया कि परिजनों की तहरीर प्राप्त हो गई है। मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *