डीएम ने किया बीएचएसएनडी का औचक निरीक्षण

सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ0 राजागणपति आर0 ने विकास खण्ड पिसावां के नेरी में आयोजित वी0एच0एस0एन0डी0 सत्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ए0एन0एम0 से गांव की जनसंख्या एवं टीकाकरण संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वैक्सीनेशन किट एवं आइस बॉक्स का गहनतापूर्वक अवलोकन किया। वैक्सीन के रख-रखाव में अनियमितता पाए जाने पर ए0एन0एम0 को कड़ी फटकार लगाई तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लड प्रेशर मशीन को भी देखा और टीकाकरण की प्रगति के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने सत्र में उपस्थित एक गर्भवती महिला से बातचीत कर टीकाकरण एवं स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया तथा ए0एन0एम0 से गर्भवती महिला की ब्लड जांच भी कराई। इसके अलावा उन्होंने महत्वपूर्ण अभिलेखों, एच0आर0पी0 रजिस्टर तथा ए0ए0ए0 संबंधी बैठक रजिस्टर का भी अवलोकन किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री के रजिस्टर में त्रुटियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। वहीं ड्यू लिस्ट रजिस्टर में कमियां तथा वैक्सीनेशन के रख-रखाव में लापरवाही मिलने पर संबंधित ए0एन0एम0 के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री से गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम की तैयारियों के विषय में जानकारी ली। वी0एच0एस0एन0डी0 सत्र के दौरान इन कार्यक्रमों की तैयारी न मिलने पर संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश भी संबंधित को प्रदान किये। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि वी0एच0एस0एन0डी0 दिवस पर सभी स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित हों तथा टीकाकरण, अभिलेख संधारण और लाभार्थियों को दी जाने वाली सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *