बच्चों को घटिया एमडीएम देने वाली प्रधानाध्यापिका निलम्बित

रसोईया बर्खास्त, बीईओ को मिली प्रतिकूल प्रविष्टि

सीतापुर। एमडीएम में बेहद घटिया सब्जी व जमीन से उठाकर रोटी विद्यार्थियों को परोसे जाने का सोशल मीडिया वीडियो वायरल होने के मामले में डीएम के निर्देश पर बुधवार को बीएसए महमूदाबाद के प्राथमिक विद्यालय छंगापुर पहुंचे। जांच के बाद बीएसए ने प्रधानाध्यापिका कल्पना वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए प्राथमिक विद्यालय नंदवा में संबद्ध किया है। रसोइया की सेवा समाप्ति के व बीईओ को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। महमूदाबाद के छंगापुर प्राथमिक विद्यालय का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में बेहद घटिया किस्म की सब्जी व जमीन पर गिरने वाली रोटी विद्यार्थियों के परोसी जाती दिख रही है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने सोमवार की शाम मामले की विस्तृत जांच कर मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश बीएसए को दिए थे। मंगलवार को चेहल्लुम की छुट्टी होने के चलते बुधवार की बीएसए डा. गोरखनाथ पटेल, बीईओ उदयमणि पटेल, डीसी एमडीएम बृजमोहन सिंह प्राथमिक विद्यालय छंगापुर पहुंचे और विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों के बयान दर्ज करते हुए जांच की। एमडीएम बनवाने में भारी लापरवाही मिलने के चलते बीएसए ने प्रधानाध्यापिका कल्पना वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए महमूदाबाद के प्राथमिक विद्यालय नंदवा में संबद्ध कर दिया। खराब कार्य व्यवहार व दाल व सब्जी की गुणवत्ता प्रायः खराब रहने व दूध पर्याप्त मात्रा में विद्यार्थियों को वितरित न करने के चलते बीएसए ने यहां तैनात रसोइया अनीता की तत्काल प्रभाव से सेवा समाप्त करने का आदेश भी बीएसए ने जारी कर दिया। बीएसए ने बीईओ को शिथिल पर्यवेक्षण के चलते प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है तथा डीसी एमडीएम कार्यालय में एमडीएम कार्य देखने वाले प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। पूरे प्रकरण की जांच बीईओ पहला पुष्पराज सिंह को सौंपी गई है जो एक माह में अपनी रिपोर्ट बीएसए कार्यालय का सौंपेगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *