बीयर पीने के दौरान हुए विवाद में युवक को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत

सीतापुर। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित मुंशीगंज में मंगलवार देर रात बीयर पीने के दौरान दोस्तों के बीच हुई कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि सलमान नामक युवक को गोली मार दी गई। घटना के तुरंत बाद कोतवाली पुलिस घायल सलमान को जिला अस्पताल ले गई जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और घटना में शामिल तीन अभियुक्तों आफाक, नौशाद और नितेश को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मामले में नामजद दो अन्य आरोपी रजत मिश्रा और भैरव मिश्रा वारदात के बाद से फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। प्रारंभिक पूछताछ और पुलिस को मिले मोबाइल फोन की रिकॉर्डिंग से स्पष्ट हुआ है कि ये सभी लोग बीयर पीने के लिए एक जगह एकत्र हुए थे जहां कहासुनी के बाद गोलीबारी की घटना हुई। पुलिस के अनुसार इस वारदात में शामिल आरोपियों और मृतक, दोनों का ही पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है तथा उनके विरुद्ध पहले भी मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *