तालाबी जमीन, चकमार्ग और मंदिर के रास्ते पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद, पीड़ित ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार

बिंदकी/फतेहपुर। थाना कल्याणपुर बिंदकी क्षेत्र के ग्राम पहुर पोस्ट मौहार में तालाबी जमीन, सार्वजनिक चकमार्ग तथा प्राचीन मंदिर जाने वाले रास्ते पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद गहरा गया है। गांव के पीड़ित उज्ज्वल सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर दबंगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और सरकारी संपत्ति को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।

जिलाधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र के अनुसार, ग्राम पहुर निवासी अमित सिंह परिहार (जो प्रयागराज हाईकोर्ट में वकालत में कार्यरत हैं) व उनके परिजनों ने गाटा संख्या 220 (तालाबी रकबा) के कूट रचित व फर्जी दस्तावेज बनाकर धोखाधड़ी से अपने नाम दर्ज करा लिए थे। पीड़ित की लगातार शिकायतों के बाद अप्रैल 2024 में राजस्व प्रशासन द्वारा उक्त भूमि को पुन: तालाब के रूप में दर्ज किया गया। इसके अलावा नायब तहसीलदार श्रीमती प्रतिमा द्विवेदी द्वारा भी पूर्व में चकमार्गों को चिन्हित कर कब्जा मुक्त कराया गया था। आरोप है कि दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे दोबारा चकमार्गों व नालियों पर कब्जा कर रहे हैं।

इसके अलावा ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्थित श्री झारखण्डेश्वर मंदिर में वर्षों से शिवरात्रि पर भव्य मेला, रामलीला व भंडारे का आयोजन होता आ रहा है। यह स्थल आस्था का प्रमुख केंद्र है। लेकिन गांव के कुछ असामाजिक तत्व मंदिर की ओर जाने वाले सार्वजनिक चकमार्ग पर अवैध कब्जा कर रहे हैं और श्रद्धालुओं के आवागमन व धार्मिक आयोजनों में व्यवधान पैदा कर रहे हैं।

पीड़ित उज्ज्वल सिंह का आरोप है कि तालाबी जमीन और सार्वजनिक रास्तों की शिकायत करने से बौखलाकर विपक्षी पक्ष लगातार उनके व उनके परिवार के खिलाफ फर्जी शिकायतें दर्ज करा रहा है। पीड़ित ने दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए बताया कि विपक्षी जय सिंह परिहार और अमित सिंह परिहार के खिलाफ कल्याणपुर थाने में गुंडा एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। शिकायत से क्षुब्ध होकर विपक्षी पुलिस और कानूनी प्रक्रियाओं का दुरुपयोग कर उन्हें मानसिक व आर्थिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।

पीड़ित उज्ज्वल सिंह ने डीएम से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सार्वजनिक तालाबी रकबे व मंदिर के चकमार्ग को पूरी तरह से अवैध कब्जे से मुक्त कराने और झूठी शिकायतें दर्ज कराकर परेशान करने वाले आरोपियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *