कांग्रेस सांसद राहुल गांधी प्रयागराज पहुंच गए हैं। उनके साथ प्रियंका गांधी की बेटी मिराया वाड्रा भी हैं। राहुल शनिवार दोपहर एयरपोर्ट से सीधे स्वराज भवन पहुंचे और पार्टी नेताओं से मुलाकात की। यही वह जगह है, जहां उनकी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जन्म हुआ था। अब यह संग्रहालय है। यहां नेहरू-गांधी परिवार और स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से जुड़ी चीजें मौजूद हैं। इधर, प्रयागराज में कांग्रेस नेताओं ने पोस्टर लगवाए हैं। इन पर लिखा है- जॉब नहीं मिलेगा, तो सिंहासन हिलेगा। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा- राहुल गांधी से पूरी सरकार डर गई है। भाजपा के लोग डरे हुए और घबराए हुए हैं, क्योंकि उन्होंने बच्चों और देशहित में कोई काम नहीं किया। राहुल शाम 6 बजे केपी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से संवाद करेंगे। इसमें 23 जिलों के छात्र बुलाए गए हैं। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम के लिए 2 लाख से ज्यादा छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। राहुल गांधी बेरोजगारी, नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और छात्रों पर लाठीचार्ज जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरेंगे। राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए 2 करोड़ रुपए की लागत से पंडाल बनाया गया है। पंडाल के पिछले हिस्से में वीआईपी लाउंज बनाया गया है। यहां वीआईपी मेहमानों के लिए 8 स्टॉल भी तैयार किए गए हैं। ग्राउंड में छात्रों के लिए चाय-पानी की व्यवस्था है। कुछ छात्रों के लिए रात के खाने का भी इंतजाम किया गया है। छात्रों को फ्री ई-रिक्शा की सुविधा भी दी गई है। इससे पहले राहुल 18 फरवरी, 2024 को भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान प्रयागराज आए थे, तब भी स्वराज भवन गए थे। ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की शुरुआत राहुल गांधी ने 17 जून को राजस्थान के कोटा से की थी। इसके बाद 17 जुलाई को देहरादून में भी उन्होंने छात्रों और युवाओं से संवाद किया था। 3 तस्वीरें देखिए- राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम का पल-पल अपडेट नीचे लगे ब्लॉग से जानिए…
राहुल गांधी प्रयागराज पहुंचे, प्रियंका की बेटी भी साथ:2 लाख छात्रों को संबोधित करेंगे, अजय राय बोले- सरकार डरी हुई
