एसडीएम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
लालगंज, प्रतापगढ़। अचानक दीवार ढहने से उसके नीचे दबकर वृद्ध की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना शनिवार सुबह करीब पांच बजे लालगंज कोतवाली क्षेत्र के मोठिन गांव में हुई।गांव निवासी नासिर अली (70) पुत्र महबूब अली शनिवार सुबह घर के बाहर छप्पर के नीचे सो रहे थे। इसी दौरान अचानक पास की दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में मलबा हटाकर नासिर को बाहर निकाला। हादसे में गंभीर रूप से घायल नासिर को गांव में प्राथमिक उपचार के बाद परिजन लालगंज ट्रॉमा सेंटर ले जा रहे थे। रास्ते में असरही के समीप उनकी सांसें थम गईं।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। नासिर खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पुत्र शब्बीर, शकील और अफसर तथा पुत्री सारजहां का निकाह हो चुका है।घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम वाचस्पति सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्रीय लेखपाल राजू सरोज को घटना की आख्या तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
