बाराबंकी
जिला कचहरी परिसर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। अभियोजन कार्यालय के सामने खड़ी एक मोटरसाइकिल दिनदहाड़े चोरी हो गई। पीड़ित ने कोतवाली नगर पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर बाइक बरामद करने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहम्मद अफजल पुत्र मोहम्मद शब्बीर निवासी ग्राम मरका मऊ थाना बदोसराय जिला बाराबंकी अपनी बहन की तबीयत खराब होने पर उसे देखने शांति अस्पताल आया था। अस्पताल में बहन का इलाज चल रहा है। इसी दौरान वह अपने निजी कार्य से अपने बहनोई की मोटरसाइकिल सीडी डीलक्स संख्या यूपी 41 एजे 0382 लेकर कचहरी आया था।
पीड़ित के अनुसार उसने अपनी बाइक 31 अगस्त 2026 को शाम करीब 4 बजे अभियोजन कार्यालय के सामने खड़ी की थी। बाइक खड़ी करने के तुरंत बाद तेज बरसात शुरू हो गई। बरसात थमने के बाद जब वह करीब 5 बजकर 10 मिनट पर अपनी गाड़ी लेने वापस पहुंचा तो बाइक वहां से गायब थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब बाइक नहीं मिली तो उसे यकीन हो गया कि अज्ञात चोरों ने उसकी बाइक चोरी कर ली है।
पीड़ित ने कोतवाली नगर में प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने और बाइक की बरामदगी की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही चोरों का पता लगा लिया जाएगा।
