ब्यूरो चीफ: विपिन द्विवेदी
सुल्तानपुर। बल्दीराय थाना क्षेत्र के बहुरावां ग्राम पंचायत के पूरे औघड़ मजरे में डुहिया जंगल के पास सोमवार को कुएं में एक 19 वर्षीय युवती का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। युवती सुबह घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी देर तक तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
खोजबीन के दौरान डुहिया जंगल के पास स्थित कुएं के किनारे युवती की चप्पल और दुपट्टा पड़ा मिला। इससे ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। कुएं में झांककर देखने पर अंदर युवती का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बल्दीराय पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया।
परिजनों ने शव की पहचान पूरे औघड़ निवासी देवी दीन की 19 वर्षीय पुत्री अंजली के रूप में की। बताया गया कि मृतका का एक भाई पवन (24) है, जो मानसिक रूप से कमजोर है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम का माहौल है।
थानाध्यक्ष बल्दीराय महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवती कुएं में किन परिस्थितियों में गिरी, यह हादसा है या आत्महत्या, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
