आलमबाग थाने में लिखित शिकायत दी राजधानी लखनऊ मोहनलालगंज में पूर्व विधायक को फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर को देर रात 2:56 बजे अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर धमकाया। घटना के बाद से राजनीतिक गलियारे में हड़कंप मचा हुआ है। पूर्व विधायक ने आलमबाग थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 सितंबर की रात लगभग 2:56 बजे पूर्व विधायक के मोबाइल पर 8318008951 नंबर से कॉल आई। कॉल रिसीव करते ही दूसरी तरफ मौजूद अज्ञात व्यक्ति ने धमकी देते हुए कहा कि “तुमको मैं ऊपर पहुंचाऊंगा”। जब पूर्व विधायक ने उससे उसका नाम और पहचान पूछी तो वह दोबारा धमकी देकर फोन काटकर फरार हो गया।
पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर ने बताया कि वे 176 मोहनलालगंज विधानसभा से विधायक रहे हैं और वर्तमान में भी लगातार अपने क्षेत्र में जनसंपर्क, जनसमस्याओं और जनहित के कार्यों को लेकर सक्रिय रहते हैं। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 नजदीक है, ऐसे में लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि उन्हें राजनीतिक रूप से डराने और रोकने के लिए इस तरह की धमकी दी गई है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि धमकी देने वाले मोबाइल नंबर की सर्विलांस और तकनीकी जांच कर तत्काल पहचान की जाए, उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उनकी जान को खतरा देखते हुए उन्हें उचित सरकारी सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
दीपक विमल की रिपोर्ट
