पुलिस लाइन में श्रद्धा के साथ मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, प्रतिभागी बच्चों को किया गया सम्मानित

उन्नाव। रिजर्व पुलिस लाइन उन्नाव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस परिवार, प्रशासनिक अधिकारियों और आमंत्रित अतिथियों ने सहभागिता की। पुलिस लाइन परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, झांकियों और भव्य मंच से सजाया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी घनश्याम मीणा का एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत अर्चना पाण्डेय एवं ललित कश्यप की गणेश वंदना से हुई। इसके बाद उपजिलाधिकारी सदर राजेश विश्वकर्मा ने गीत प्रस्तुत किया।

 

साई डांस एकेडमी, द सोल ऑफ डांस एकेडमी, राइजिंग डांस एकेडमी के कलाकारों तथा पुलिस परिवार के बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों, बाल लीलाओं और भक्ति गीतों पर आधारित मनोहारी नृत्य प्रस्तुत किए। आकर्षक वेशभूषा और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और राधे-कृष्ण के जयघोष से गूंज उठा।

 

कार्यक्रम के दौरान वामा सारथी की जनपदीय अध्यक्षा नीतू सिंह और एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सहयोगियों की भी सराहना की गई।

 

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार, एसडीएम सदर राजेश विश्वकर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार, सीओ सिटी विनी सिंह, प्रतिसार निरीक्षक सचिन राय और महिला थाना प्रभारी रेखा सिंह समेत पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

 

रात्रि 12 बजे पुलिस लाइन स्थित मंदिर में एसएसपी जय प्रकाश सिंह और उनकी पत्नी नीतू सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीकृष्ण का विधि-विधान से पूजन किया। लड्डू गोपाल का अभिषेक, जन्मोत्सव और झूला झुलाने की परंपरा पूरी की गई। भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने जन्माष्टमी का उत्सव मनाया। अंत में प्रसाद वितरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *