नसीराबाद, रायबरेली। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के शुभ अवसर पर नसीराबाद थाना परिसर से पुलिसकर्मियों ने पदयात्रा निकालकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया। पदयात्रा का नेतृत्व नसीराबाद थाना अध्यक्ष पवन कुमार सोनकर ने किया। इस दौरान थाने के समस्त पुलिसकर्मी पूरे उत्साह और जोश के साथ पदयात्रा में शामिल हुए। पदयात्रा नसीराबाद थाने से शुरू होकर महमूद नगर, शिवनगर, मऊ तिराहा, गुड़ खेत, कायस्थाना, मौर्य नगर और डाकघर सहित नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः नसीराबाद थाना परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। पदयात्रा के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों और उनके राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया गया।इस अवसर पर थाना प्रभारी पवन कुमार सोनकर ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल को लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए समर्पित कर दिया था। देश की स्वतंत्रता के बाद विभिन्न रियासतों को एकजुट कर मजबूत भारत के निर्माण में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। उनके आदर्श आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ————-
80 हजार की भैंस चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए चोर,नसीराबाद, रायबरेली। अज्ञात चोरों ने घर से करीब तीन सौ मीटर दूर बंधी 80 हजार रुपये कीमत की एक भैंस खोलकर फरार हो गए। घटना का पता चलते ही गांव में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर भैंस बरामद करने और चोरों पर कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कोलवा निवासी विशराम पुत्र स्वर्गीय भगवान दीन ने बताया कि उन्होंने अपनी भैंस को हमेशा की तरह घर से तीन सौ मीटर दूर नहर के पास बांधा था।जब वह भैंस को देखने गए तो वह वहां नहीं थी। आसपास काफी खोजबीन करने पर भी भैंस नहीं मिली, तो उन्हें चोरी का शक हुआ।पीड़ित ने बताया कि पड़ोस के गांव नकदैयापुर में दयाराम गुप्ता के दरवाजे पर लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया तो उसमें भैंस को ले जाते हुए अज्ञात चोरों की तस्वीर कैद मिली है। फुटेज में चोर भैंस को खोलकर ले जाते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने बताया कि उसकी भैंस की कीमत लगभग 80 हजार रुपये है। चोरी होने से गरीब परिवार पर आर्थिक संकट आ गया है। विशराम ने नसीराबाद थाने में तहरीर देकर पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों को पकड़ने और भैंस बरामद करने की गुहार लगाई है।इस संबंध में थाना प्रभारी पवन कुमार सोनकर ने बताया कि तहरीर मिली है, पुलिस जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है, जल्द ही भैंस बरामद कर ली जाएगी।
महराजगंज रायबरेली। देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महराजगंज कोतवाली, चंदापुर थाना, नगर पंचायत सहित क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रनिर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को नमन किया गया। जगह-जगह उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
महराजगंज कोतवाली में कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव एवं उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रीय एकता रैली निकालकर लोगों को एकजुटता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। रैली के माध्यम से लौह पुरुष के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ राष्ट्र की एकता को अक्षुण्ण बनाए रखने का आह्वान किया गया।
इस मौके पर कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और अदम्य साहस के बल पर देशी रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उधर, चंदापुर थाना परिसर में थाना प्रभारी राजीव सिंह एवं उपनिरीक्षक बीपी सिंह की अगुवाई में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। पुलिसकर्मियों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उनके संघर्षपूर्ण जीवन और देश की एकता-अखंडता के लिए किए गए ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला गया।
वहीं महराजगंज नगर पंचायत परिसर में अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित कर लौह पुरुष के राष्ट्रनिर्माण में दिए गए योगदान को याद किया गया। क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में भी छात्र-छात्राओं को सरदार पटेल के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका तथा देशी रियासतों के एकीकरण के ऐतिहासिक महत्व से परिचित कराया गया।
कार्यक्रमों में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि सरदार पटेल का जीवन त्याग, राष्ट्रसेवा, दृढ़ संकल्प और कर्तव्यनिष्ठा की ऐसी मिसाल है, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उनके विचारों को आत्मसात कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
