उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित दीपावली शिल्प मेला

– ध्रुपद गायन की प्रस्तुति से साकेत ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध

अतर्रा (बाँदा)। प्रयागराज में आयोजित दीपावली शिल्प मेले में अतर्रा निवासी गायक साकेत कुमार रैकवार ने 29 अक्टूबर को धु्रपद गायन की प्रस्तुति दी। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित इस सांस्कृतिक आयोजन में उन्होंने भारतीय शास्त्रीय संगीत की पारंपरिक ध्रुपद शैली में राग भूपाली का गायन किया।
साकेत ने अपनी प्रस्तुति का आरंभ राग भूपाली में पारंपरिक आलाप, जोड़,झाला के माध्यम से राग का विस्तार प्रस्तुत किया। तत्पश्चात चौताल में निबद्ध बंदिश तान तलवार की… का गायन किया। इसके बाद जलद सूलताल में निबद्ध  बंदिश तेरो मन में कितनो गुण रे… प्रस्तुत की।प्रस्तुति में राग की शुद्धता, स्वर-विस्तार, आलाप की गंभीरता तथा तालबद्ध बंदिशों के माध्यम से ध्रुपद की पारंपरिक गायन पद्धति को साकेत ने प्रमुखता दी।गायन के दौरान पखावज पर सौरभ रैकवार तथा तानपुरे पर पूनम रैकवार ने संगत की। दोनों कलाकारों की संगत ने प्रस्तुति में स्वर और ताल का पारंपरिक संतुलन बनाए रखने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।प्रयागराज के इस सांस्कृतिक आयोजन में साकेत की प्रस्तुति के माध्यम से श्रोताओं को ध्रुपद गायन की विशिष्ट तकनीक, राग-विस्तार और ताल-पद्धति से परिचित होने का अवसर मिला। अतर्रा, जनपद बाँदा के निवासी साकेत की यह प्रस्तुति क्षेत्र की शास्त्रीय संगीत प्रतिभा के लिए उल्लेखनीय रही। साकेत कई राष्ट्रीय मंचों पर ध्रुपद गायन की प्रस्तुति दे चुके हैं ये आकाशवाणी के ग्रेडेड कलाकार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *