आगरा में प्रतिमा विसर्जन कर रहे 12 लड़के डूबे:2 की मौत, 6 लापता; परिवार की महिलाएं-बच्चियां मां दुर्गा को पकड़कर रोती रहीं

आगरा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान 2 बड़े हादसे हुए। पहली घटना खेरागढ़ की है। यहां डूंगरवाला उंटगन नदी में प्रतिमा विसर्जित करने उतरे 7 लड़के डूब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर खेरागढ़ थाना प्रभारी मदन सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मदन सिंह ने वर्दी उतारकर नदी में छलांग लगा दी। भोला नाम के युवक को नदी से बाहर निकाल लिया गया। हालांकि उसकी हालत बेहद गंभीर है। गोताखोरों ने 2 युवकों का शव बाहर निकाले हैं। 4 अभी भी लापता हैं। घाट पर परिवार की महिलाएं-लड़कियां मां दुर्गा की प्रतिमा पकड़कर रोती रहीं। हाथ जोड़कर मां से सलामती की प्रार्थना कर रही हैं। डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा और चेयरमैन सुधीर गर्ग भी घटना स्थल पर पहुंचे। डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी भी घटनास्थल पर आए। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। युवकों की तलाश में गोताखोरों को लगाया, लेकिन कामयाबी न मिलने पर SDRF और NDRF को बुलाया गया है। दूसरी घटना ताजगंज थाना क्षेत्र के करभना गांव की है। यहां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान 5 युवक यमुना नदी में डूब गए। तीन तैरकर किसी तरह बाहर निकल आए। लेकिन 2 डूब गए। गोताखोर उनकी तलाश कर रहे हैं। डूबने का लाइव वीडियो भी सामने आया है। खेरागढ़ की घटना से जुड़ी 4 फोटो देखिए… महिलाएं नदी किनारे रुक गई थीं
खेरागढ़ में हादसा दोपहर करीब ढाई बजे हुआ। डूंगरवाला उंटगन नदी में बड़ी संख्या में लोग दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने आए थे। महिलाएं नदी किनारे रुक गईं, लेकिन युवक प्रतिमा को लेकर नदी के अंदर चले गए। तभी अचानक नदी में 7 लड़के डूबने लगे। कुछ युवक प्रतिमा को छोड़कर बाहर आ गए। लेकिन, 6 युवक नदी के तेज बहाव में बह गए। लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन युवक तेज बहाव में दूर निकल गए। मौके पर हाहाकार मच गया। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। एक युवक भोला को निकाल लिया गया है। उसकी हालत गंभीर है। लापता लोगों में सचिन महावीर (15) पुत्र रामवीर सिंह, ओके (18) पुत्र किशन सिंह, भगवती (20) पुत्र मुरारीलाल, हरेश (20) पुत्र यादव, गगन (17) और ओमपाल (19) शामिल रहे। इनमें से दो की लाश बरामद कर ली गई है। अभी भी 4 युवक लापता है। सभी युवक कुसियापुर गांव के रहने वाले है। हरेश और गगन दोनों भाई है। जिस प्रतिमा का विसर्जन, उसके सामने रोते रहे परिजन
लड़के जिस प्रतिमा का विसर्जन करने आए थे। वो नदी के बीच में छोड़ दी गई। हादसे के बाद युवकों के परिजन प्रतिमा के सामने हाथ जोड़कर सलामती के लिए प्रार्थना करते रहे। पुलिस ने उन लोगों को नदी से बाहर निकाला है। ग्रामीणों ने रेस्क्यू में देरी का आरोप लगाते हुए रोड जाम कर दिया है। ग्रामीणों ने दो जगह पर जाम लगाया। अभी भी जाम लगा हुआ है। लोकल स्तर पर लगाए गए गोताखोरों को कामयाबी न मिलने के बाद अब एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। टीम का इंतजार हो रहा है। मौके पर डीएम, डीसीपी समेत अन्य अधिकारी मौजूद हैं। डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा ने बताया- पुलिस ने विसर्जन स्थल उंटगन नदी पुल के नीचे बनाया था। यह लोग सबसे पहले दुर्गा प्रतिमा लेकर वहां पहुंचे थे। लेकिन पुलिस ने बीच नदी में जाने को मना कर दिया। जिससे वह कैला देवी जाने को कहकर लौट गए और रास्ते में ही डूंगर वाला गांव स्थित नदी किनारे विसर्जन करने पहुंचे थे। वहीं पर हादसा हुआ है। 7 से 8 युवक लापता थे। जिसमें से एक को बचा लिया गया है। दो की लाश बरामद कर ली गई है। बाकी की तलाश की जा रही है। —————– ये खबर भी पढ़ें… बागपत में पूर्व गृह सचिव के भतीजे की लाश मिली:मुंह से खून बह रहा था, शरीर पर कपड़े नहीं; हरिद्वार के लिए निकला था यूपी के पूर्व गृह सचिव के भतीजे की लाश बागपत के एक कॉलेज में पड़ी मिली। उसके मुंह से खून बह रहा था। शरीर के ऊपरी हिस्से के कपड़े गायब थे। दोनों हाथ पट्टियों से बंधे थे। सिर, चेहरे, छाती और कमर पर चोट के गहरे निशान थे। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *